अलग से कोरोना टेस्ट कराने पर मोहम्मद हाफिज से नाराज हुआ PCB, हो सकती है बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली। इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट और टी20 मैच की सीरीज खेलने जाने वाले खिलाड़ियों के लिये पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से कराये गये कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट ने हड़कंप मचा रखा है। इस टेस्ट के दौरान पाकिस्तान के 10 खिलाड़ियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। हालांकि असली विवाद इसके अगले दिन शुरु हुआ जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी मोहम्मद हाफीज ने घर जाकर दोबारा टेस्ट कराया और जब उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई तो अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी।
और पढ़ें: माइकल होल्डिंग ने उड़ाया पीसीबी का मजाक, कहा- अपने देश में सुरक्षित नहीं खिलाड़ी
मोहम्मद हाफीज के दोबारा टेस्ट कराने और रिपोर्ट के बदल जाने से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड काफी नाराज है। हाफीज के रिपोर्ट शेयर करने के बाद अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बाकी खिलाड़ियों के टेस्ट पर भी सवाल उठने लगे हैं।
और पढ़ें: IPL को लेकर केएल राहुल ने बताया अपना दर्द, क्रिस गेल को भी हो रही परेशानी

पीसीबी की हो रही चारों ओर फजीहत
इतना ही नहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान की मशीनों और चीनी किटों पर बिल्कुल विश्वास नहीं है, ऐसे में पीसीबी को बाहर ले जाकर खिलाड़ियों का टेस्ट कराना चाहिये। उल्लेखनीय है कि पीसीबी की फजीहत होने के लिये बोर्ड हाफिज को जिम्मेदार मान रहा है और इसके लिये उन पर सख्त कार्रवाई करने को भी तैयार है।
हाफीज ने अपने ट्विटर पर लिखा, 'पीसीबी परीक्षण की कल (मंगलवार) की रिपोर्ट में कोविड-19 के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद मैं दूसरी राय के तौर पर और अपने संतोष के लिए खुद ही अपने परिवार के सदस्यों के साथ परीक्षण करवाने के लिए गया और हमारी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अल्लाह हम सभी को सुरक्षित रखें।'

हाफीज पर पीसीबी कर सकता है बड़ी कार्रवाई
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी मोहम्मद हफीज के पास मौजूदा वक्त में सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट नहीं है। हालांकि इंग्लैंड दौरे के लिये चुने गये संभावित खिलाड़ियों में उनका नाम जरूर शामिल किया गया था। ऐसे में पीसीबी हाफीज के अलग से टेस्ट करा लेने से काफी नाराज है।
एक यूट्यूब चैनल क्रिकेटबाज के साथ बात करते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ वसीम खान ने कहा,'मैने हफीज से आज बात की और उससे साफ तौर पर कहा कि पूरे मसले पर उसके रवैये से हम निराश हैं। हफीज को प्रोटोकॉल के तहत पहले पीसीबी से बात करनी चाहिए थी। हर व्यक्ति को अपने स्तर पर जांच कराने का अधिकार है, लेकिन उसे पहले हमसे बात करनी चाहिए थी क्योंकि उसने हमारे लिए परेशानी खड़ी कर दी है। उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।'

हाफीज को करना चाहिये था नियमों का पालन
गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 28 जून को इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली है, जहां पहुंचने के बाद उसे 14 दिन के लिये आइसोलेशन में रहना होगा। इस दौरान इंग्लैंड और वेस्टइंंडीज के बीच टेस्ट सीरीज जारी रहेगी। वेस्टइंडीज सीरीज के बाद पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के खिलाफ टी20 और टेस्ट सीरीज खेलेगी।
वसीम खान ने आगे कहा,'उनके पास कोई केंद्रीय अनुबंध नहीं है, लेकिन एक बार जब उन्हें पाकिस्तान टीम के लिए चुना गया, तो उन्हें सभी खिलाड़ियों की तरह नियमों का पालन करना होगा। खासकर सोशल मीडिया के इस्तेमाल से संबंधित। हम अभी भी इस मामले को देख रहे हैं क्योंकि इससे हमें बहुत परेशानी हुई है।'
आपको बता दें कि इंग्लैंड दौरे से पहले पाकिस्तान के 10 खिलाड़ी कोरोना पॉजीटिव पाये गये हैं। इसमें मोहम्मद हफीज, वहाब रियाज, फखर जमां, इमरान खान, कासिफ भाटी, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद रिजवान, शादाब खान, हैदर अली और हारिस रऊफ शामिल हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
