
बीसीबी ने मुश्फिकुर को मनाने की थी कोशिश
बांग्लादेश की क्रिकेट टीम अपने दौरे के दूसरे चरण में अप्रैल के पहले हफ्ते में पाकिस्तान जाएगी और कराची में एक एकदिवसीय मैच और एक टेस्ट मैच खेलेगी। दौरे के पहले चरण में टीम को एक टेस्ट मैच और टी-20 श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा था। सुरक्षा चिंताओं के कारण बांग्लादेशी टीम ने एक लंबी अवधि का दौरा करने के बजाए इसे दो चरणों में करने का फैसला किया था।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष नजमुल हसन ने बांग्लादेश स्टार बल्लेबाज रहीम से हाल में आग्रह किया था कि वह अपना फैसला बदलें और टीम के साथ पाकिस्तान जाएं।

मुश्फिकुर ने कहा- जाना होता तो पीएसएल में न जाता
हालांकि बीसीबी के इतना समझाने के बावजूद मुश्फिकुर ने पाकिस्तान दौरे पर जाने से इंकार कर दिया है।
एक टीवी चैनल से बात करते हुए मुश्फिकुर ने कहा, 'मैंने पहले इस पर अपना रुख साफ कर दिया था कि मैं पाकिस्तान जाऊंगा या नहीं और बोर्ड ने इसे स्वीकार किया था। मुझे पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने का ऑफर मिला था, मैं अपना नाम इसके लिए दे सकता था। लेकिन मैंने इस लीग के लिए अपना नाम नहीं दिया। ऐसे में बीसीबी को मेरे प्रति थोड़ा और सम्मान दिखाना चाहिए क्योंकि ताजा हालात जानने के बाद मैंने अपना नाम नहीं दिया। चीजें बिलकुल साफ हैं और यह भविष्य में नहीं बदलेंगी। जो लोग वहां जा रहे हैं, उनके लिए मेरे पास केवल शुभकामनाएं हैं।'

अच्छी फॉर्म में हैं मुश्फिकुर रहीम, जिम्बाब्वे के खिलाफ ठोंका दोहरा शतक
बांग्लादेश की टीम मुश्फिकुर रहीम को पाकिस्तान दौरे पर इसलिये भी भेजना चाहती है क्योंकि वह काफी अच्छी फॉर्म में हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ ढाका में खेले गये इकलौते टेस्ट मैच में मुश्फिकुर रहीम ने दोहरा शतक लगाया और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
बांग्लादेश को पाकिस्तान के खिलाफ पहले चरण में मिली हार के बाद उन्हें टीम में मुश्फिकुर की कमी खली थी क्योंकि उन्होंने तीन मैचों की टी 20 सीरीज 2-0 से गंवा दी, जिसमें एक गेम बारिश द्वारा धोया गया। इसके बाद मेहमान टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में पारी से हार गए।


Click it and Unblock the Notifications
