रांची। आम्रपाली विवाद के बाद एक बार फिर से टीम इंडिया के वनडे टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी विवादों में है, वजह है इस बार उनका रांची का हरमू इलाके वाला पुश्तैनी घर, जहां एक स्विमिंग पूल है।
जिसके लिए झारखंड सरकार 15 हजार लीटर पानी दे रही है, जिस पर स्थानीय लोगों का गुस्सा चरम सीमा पर पहुंच गया है क्योंकि झारखंड इन दिनों सूखे और पानी की किल्लत से जूझ रहा है।
झारखंड है सूखे की चपेट में, जूझ रहा है पानी की किल्लत
जनता दरबार में लोगों ने रेवेन्यू मिनिस्टर अमर कुमार बाउरी से शिकायत की है कि जिस घर में दस से ज्यादा लोग नहीं रहते हैं और खुद धोनी बहुत कम समय के लिए रांची वाले घर आते हैं ऐसे में वहां पर 15 हजार लीटर पानी देने का क्या मतलब है?
धोनी के घर के लिए फालतू पानी की व्यवस्था हो सकती है लेकिन स्थानीय लोग दो बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, आखिर ये कहां का इंसाफ है? हालांकि इस बाबत प्रशासन की ओर से तो कोई जवाब नहीं आया है लेकिन धोनी के करीबियों का कहना है कि सारे आरोप निराधार है क्योंकि धोनी के घर के स्विमिंग पूल में तभी पानी रहता है जब धोनी घर आते हैं, उनकी अनुपस्थिति में पूल में पानी नहीं रहता है।