मेलबर्न। जिस तरह से इंडियन फैंस 26 तारीख का इंतजार कर रहे हैं ठीक उसी तरह से टीम इंडिया के सारे सदस्य भी शिद्ददत से इस दिन की प्रतिक्षा कर रही है क्योंकि सेमीफाइनल में अगर भारत आस्ट्रेलिया को हरा देता है तो निश्चित तौर पर वो टेस्ट सीरीज और त्रिकोणीय सीरीज में हुई हार के सारे बदले ले लेगा। वैसे यह कहना केवल हमारा नहीं बल्कि टीम इंडिया के वाइस कैप्टन विराट कोहली का भी है।
मीडिया से बात करते हुए विराट कोहली ने कहा कि विश्व कप के सेमीफाइनल में कंगारू टीम को हराकर सभी पुराने हिसाब बराबर करने का यह सबसे अच्छा मौका है। मालूम हो कि दोनों टीमें गुरुवार को सिडनी क्रिकेट मैदान (एससीजी) पर आईसीसी विश्व कप-2015 का सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगी।
यह आस्ट्रेलिया को हराने का बिल्कुल सही समय
विराट ने कहा कि हमें अपना बेस्ट देना होगा क्योंकि कंगारूओं से बदला लेना का इससे अच्छा मौका नहीं आयेगा, भारतीय गेंदबाजी की प्रशंसा करते हुए कोहली ने कहा, "गेंदबाजों ने अब तक जैसा आक्रामक प्रदर्शन किया है वह आश्चर्यजनक है। विश्व की शीर्ष टीम को हराने के लिए गेंदबाजों को अपना स्तर और उठाना होगा। हमने हालांकि अभी तक जो प्रदर्शन किया है वह शानदार है। अगर हम इस प्रदर्शन को जारी रखते हैं तो हमारी जीत की संभावना ज्यादा होगी।"
अगर भारत वाकई में कल आस्ट्रेलिया को हरा देता है तो निश्चित तौर पर एक सुखद अनुभव होगा और भारत दूसरी बार विश्वकप के फाइनल में पहुंच जायेगा जहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा।