'पहले देश की टीम है और फिर IPL फ्रेंचाइजी', कपिल देव ने BCCI को दी चेतावनी
नई दिल्ली। आईसीसी टी20 विश्व कप में भारतीय टीम ने जो प्रदर्शन दिखाया है, वो बेहद निराश कर देने वाला रहा। महेंद्र सिंह धोनी बताैर मेंटर टीम के साथ दिखे, लगा कि कप्तान विराट कोहली ट्राॅफी जीतने का सूखा समाप्त कर देंगे, लेकिन किसी भी सदस्य का कोई भी प्लान विरोधी टीम पर भारी पड़ता नहीं दिखा। भारत को ग्रुप 2 में रखा था, जिसमें सिर्फ पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की मजबूत थीं, लेकिन भारत इन दोनों टीमों से अपना मैच आसानी से हार गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जाने लगे कि खिलाड़ियों के लिए देश बड़ा या आईपीएल? यह सवाल भारत के बाहर होने पर गरमा गया है। वहीं भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निराशा व्यक्त करते हुए बीसीसीआई को चीजें सुधारने की चेतावनी दी। कपिल ने भी यह कहने में संकोच नहीं किया कि खिलाड़ी देश की बजाय आईपीएल को प्राथमिकता दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ : बाहर होंगे कोहली, पांड्या जैसे दिग्गज, वेंकटेश समेत इन्हें मिल सकता है मौका

समय आ गया है कि हम भविष्य को देंखे
महान ऑलराउंडर और पूर्व विश्व कप विजेता कपिल देव को लगता है कि बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट को अब अगले विश्व कप के लिए तुरंत योजना बनानी चाहिए। कपिल ने एबीपी न्यूज पर कहा, "अब समय आ गया है कि हम भविष्य को देंखे। आपको तुरंत योजना बनाना शुरू कर देना चाहिए। ऐसा बिल्कुल नहीं है कि विश्व कप खत्म होने के बाद से भारतीय टीम का पूरा क्रिकेट भी खत्म हो गया है। जाओ और योजना बनाओ। मुझे लगता है कि आईपीएल और विश्व कप के बीच कुछ समय का अंतर होना चाहिए था। हां, ये है कि हमारे खिलाड़ी जोखिम उठाने में तैयार रहते हैं, लेकिन वे इसका अधिकतम लाभ नहीं उठा सके।"
कपिल देव ने आगे बड़ा बयान देते हुए कहा कि कुछ क्रिकेटर इंडियन प्रीमियर लीग खेलना पसंद करते हैं और पहले देश के लिए खेलने को महत्व नहीं देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि बीसीसीआई को इस पर गौर करने की जरूरत है। हालांकि कपिल ने जोर देकर कहा कि वह क्रिकेटरों के फ्रैंचाइजी क्रिकेट खेलने के विचार के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन आदेश दूसरे तरीके से होना चाहिए।

पहले देश की टीम है और फिर IPL फ्रेंचाइजी
कपिल ने कहा, "जब खिलाड़ी देश के लिए खेलने से पहले आईपीएल को अधिक महत्व देते हैं, तो इसमें हम क्या कह सकते हैं। खिलाड़ियों को अपने देश के लिए खेलने पर गर्व होना चाहिए। मैं बिल्कुल नहीं जानता कि उनकी आर्थिक स्थिति कैसी है, इसलिए ज्यादा कुछ नहीं कह सकता। लेकिन मेरा मानना है कि पहले देश की टीम है और फिर फ्रेंचाइजी होनी चाहिए। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि आप फ्रेंचाइजी के लिए क्रिकेट मत खेलो, लेकिन लेकिन ये बीसीसीआई की जिम्मेदारी होनी चाहिए कि वो क्रिकेट को बेहतर प्लान करे। इस टूर्नामेंट में जो गलतियां की हैं, उन्हें न दोहराना हमारे लिए सबसे बड़ी सीख रहेगी।''

टीम ने किया निराश
बता दें कि भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में अपने प्रदर्शन से बेहद निराश किया है। भारत ने पहला मैच पाकिस्तान के हाथों 10 विकेट से गंवाया था, फिर न्यूजीलैंड के हाथों से 8 विकेट से हार का सामना किया, जिससे सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई। न्यूजीलैंड ने 4 मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं भारत, जो खिताब जीतने का दावेदार था, बड़ी टीमों के खिलाफ एक बार भी वापसी करता नहीं दिखा। हालांकि उसने स्काॅटलैंड, अफगानिस्तान पर बड़ी जीत दर्ज की, लेकिन यह टीमें भारत से कमजोर थीं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
