इंदौर T20: सैनी की रफ्तार, राहुल के रनों की बौछार के बीच कैसी रही बुमराह-धवन की वापसी
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच जारी टी20 सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते धुलने के बाद इंदौर में हुए दूसरे टी20 मैच में विराट सेना ने विजयी शुरुआत की है। नये साल पर मिली इस पहली जीत में पूरी टीम ने प्रदर्शन किया और किसी एक खिलाड़ी के बजाय सभी ने योगदान देते हुए टीम को जीत दिलाई। नये साल में भारतीय टीम ने न सिर्फ गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया बल्कि पिछली 2 सीरीज से फील्डिंग को लेकर लगातार निशाने पर आ रही भारतीय टीम ने सुधार करते हुए बेहतरीन काम किया।
और पढ़ें: BBL: 5 गेंद में 5 छक्के, 16 गेंद में पचासा, IPL से पहले धमाल मचा रहा केकेआर का यह खिलाड़ी
करीब 10 मैचों के बाद भारतीय टीम ने पहला ऐसा टी20 मैच खेला जिसमें उसने एक भी कैच नहीं छोड़ा और न ही मिस फील्डिंग नहीं की। इंदौर में खेले गये इस मैच में भले ही भारतीय टीम का पलड़ा शुरु से भारी था लेकिन बावजूद इसके सभी की नजरें चोट के बाद वापसी कर रहे 2 भारतीय खिलाड़ियों पर थी। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर।
और पढ़ें: गुवाहाटी T20: फटे हुए कवर की वजह से बदनाम हुआ BCCI, रद्द करना पड़ा मैच
आइये एक नजर डालते हैं इन खिलाड़ियों के मैदान पर वापस आ कर पहले मैच में किये गये प्रदर्शन पर:

जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah)
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस दौरान सभी की निगाहें गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम में लगभग 6 महीने बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर टिकी थी। कप्तान विराट कोहली ने भी जसप्रीत बुमराह को मौका देते हुए पारी की शुरुआत करने का मौका दिया।
लगभग 6 महीने बाद मैदान पर लौटे बुमराह ने वाइड के साथ शुरुआत की और अगली गेंद पर दिशा भटक पर हॉफ वॉली पर फेंकी जिसे अविष्का फर्नांडो ने 4 रन के लिये बाउंड्री से बाहर भेज दिया। हालांकि इसके बाद बुमराह ने जबरदस्त वापसी की और अगली 5 गेंद पर कोई रन नहीं दिया। चौथे ओवर में एक बार फिर बुमराह लौटे लेकिन अपनी लय को वापस पाने की कोशिश करते दिखाई दिये। इस ओवर में उन्हें 2 चौके लगे। 17वें ओवर में जब बुमराह गेंदबाजी करने लौटे तो ऐसा लगा मानो वो कभी मैदान से बाहर गये ही नहीं थे। अपनी गेंद में गति परिवर्तन कर बुमराह ने विकेट हासिल की और इस ओवर में सिर्फ 4 रन दिये। हालांकि आखिरी ओवर में जसप्रीत बुमराह लय से भटके हुए दिखाई दिये और हसरंगा ने उन्हें आखिरी की 3 गेंद पर लगातार 3 चौके लगाये।
चोट के बाद वापसी करते हुए जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इतने लंबे समय के बाद वापसी करने वाले खिलाड़ी के लिहाज से यह प्रदर्शन ठीक था लेकिन जसप्रीत बुमराह जिस स्तर के गेंदबाज हैं उस लय में वापस आने के लिये अभी कुछ 2-3 मैचों का समय और लगेगा।

शिखर धवन (Shikhar Dhawan)
गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भारत को जीत के लिये 142 रनों की दरकार थी और पारी की शुरुआत करने के लिये चोट से वापसी कर रहे शिखर धवन और सलामी बल्लेबाज के तौर पर लगातार अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे केएल राहुल उतरे। दोनों ने भारत को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिये 71 रनों की साझेदारी की। हालांकि इस साझेदारी में पिछले काफी समय से जूझ रहे शिखर धवन एक बार फिर कमजोर दिखाई दिये।
शिखर धवन जहां शुरुआत से ही शॉट की टाइमिंग को लेकर जूझ रहे थे वहीं केएल राहुल लगातार आत्म-विश्वास भरा खेल दिखा रहे थे। शिखर धवन ने मैदान पर वापसी करते हुए 29 गेंद में 32 रनों की पारी खेली और 2 चौके लगाये जबकि केएल राहुल ने 32 गेंद में 45 रन की पारी खेली और 6 चौके लगाये। ऐसे में शिखर धवन के लिये प्रतिस्पर्धा काफी भारी है क्योंकि सीरीज में सिर्फ 1 और मैच बाकी है और रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में अगर शिखर धवन को अपनी छाप छोड़नी है तो इससे बेहतर पारी खेलनी होगी।

चोट के बाद पहली बार मैदान पर उतरे थे शिखर धवन-जसप्रीत बुमराह
गौरतलब है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और शिखर धवन चोट से उबर कर पहली बार मैदान पर वापसी कर रहे थे। टीम मैनेजमेंट से लेकर चयनकर्ताओं तक की नजर इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी हुई थी। जहां पर जसप्रीत बुमराह वेस्टइंडीज दौरे के बाद स्ट्रेस फ्रैक्चर के चलते लंबे समय के लिये मैदान से बाहर थे वहीं पर शिखर धवन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में घुटने की चोट के चलते बाहर चल रहे थे।
मैच के लिहाज से देखें तो दोनों ही खिलाड़ियों का प्रदर्शन ठीक-ठाक था लेकिन भारतीय टीम में अपनी जगह को पक्की करने के लिये प्रतिस्पर्धा चल रही है उसे देखते हुए बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
