IPL Auction: पूरा हुआ सुशांत सिंह राजपूत का सपना, 'काई पो छे' के अली को मुंबई इंडियंस ने खरीदा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें संस्करण (आईपीएल 2020) को लेकर हुई खिलाड़ियों की नीलामी में जहां एक ओर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का बोलबाला देखने को मिला वहीं दूसरी ओर टीमों ने कई अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को भी फ्रैंचाइजी में शामिल किया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने 2, चेन्नई की टीम ने 4, दिल्ली की टीम ने 2, हैदराबाद की टीम ने 7, केकेआर की टीम ने 3, पंजाब की टीम ने 6, राजस्थान की टीम ने 6 और मुंबई की टीम ने भी 3 खिलाड़ियों पर दांव लगाया है। इन अलग-अलग फ्रैंचाइजियों में शामिल किये गये कई अनजान खिलाड़ियों में एक नाम मुंबई इंडियंस में शामिल किये गये दिग्विजय देशमुख का भी था जिन्हें देखकर आप कहेंगे यह चेहरा जाना-पहचाना सा लग रहा है।
और पढ़ें: IPL Auction 2020: नीलामी में नहीं बिके विराट कोहली की नाक में दम करने वाले विंडीज के यह 6 खिलाड़ी
ऐसा इसलिये है क्योंकि मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल किया गया यह 21 वर्षीय हरफनमौला खिलाड़ी कभी फिल्मी पर्दे पर भी नजर आया था। दिग्विजय देशमुख ने साल 2013 में आई हिन्दी फिल्म 'काई पो चे' बतौर चाइल्ड एक्टर काम किया था और फिल्म में अली का किरदार निभाया था। वह इस फिल्म में भी क्रिकेट खेलते हुए नजर आये थे।

मुंबई इंडियंस ने फिल्मी पर्दे के सपने को असल में किया सच
दिग्विजय देशमुख ने इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत, अमित साध, राजकुमार राव जैसे बड़े अभिनेताओं के साथ काम किया था। इस फिल्म में सुंशात बतौर क्रिकेट कोच का रोल अदा करते हैं जो अली को भारतीय टीम का हिस्सा बनाना चाहता है, इस दौरान गुजरात के दंगों में यह खिलाड़ी फंस जाता है और कैसे उससे निकलकर भारतीय टीम में पहुंचता है यह बस उसी की कहानी है।
दिग्विजय भले ही अभी भारतीय टीम तक नहीं पहुंच पाये हों लेकिन मुंबई इंडियंस ने उन्हें टीम में शामिल कर उनके सपने को साकार करने की सीढ़ी दे दी है।

सैयद मुश्ताक अली में धमाल मचा चुके हैं दिग्विजय
महाराष्ट्र के लिये प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले इस खिलाड़ी को हाल ही में आयोजित हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के प्रदर्शन के बूते पर टीम में शामिल किया गया है। देशमुख ने अब तक एक फर्स्ट क्लास और 7 टी20 मैच खेले हैं। सैयद मुश्ताक अली के दौरान उन्होंने 7 मैचों में 9 विकेट झटकने का कारनामा किया, जबकि इकलौते फर्स्ट क्लास मैच में उन्होंने 6 विकेट झटके। उनके नाम 104 रन भी हैं।
मुंबई इंडियंस की टीम ने दिग्विजय देशमुख को 20 लाख रुपये के बेस प्राइस में खरीदा। मुंबई इंडियंस की टीम से जुड़ने के बाद दिग्विजय ने कहा, 'हां, मैं दिग्विजय हूं और मैंने 'काई पो चे' फिल्म में अली का किरदार निभाया था। मैं अभिनेता कभी नहीं था, मैं हमेशा से क्रिकेटर था।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
