सेमीफाइनल में ताबड़तोड़ पारी के बाद बोले जडेजा, 'आखिरी सांस तक अपना बेस्ट दूंगा'
नई दिल्ली। अगर विश्व कप में टीम इंडिया की प्लेयिंग इलेवन की बात करें तो इसमे किसी ना किसी कारण से लगातार बदलाव होते रहे। खासकर विजय शंकर की चोट के बाद तो टीम में नाटकीय बदलावों का दौर देखने को मिला। पंत जो विश्व कप का हिस्सा ही नहीं थे, वह नंबर चार पर बल्लेबाजी करने लगे। जाधव की जगह पर कार्तिक टीम में आ गए और बाद में कलाई के एक स्पिनर की जगह पर जडेजा की टीम इंडिया में एंट्री हुई। भारतीय टीम अगर विश्व कप 2019 का सेमीफाइनल मैच लड़कर हारी है तो इसका काफी श्रेय रविंद्र जडेजा को जाता है। जडेजा विश्व कप के नए हीरो बनकर उभरे हैं। भारत के प्रतियोगिता से बाहर हो जाने के बाद उन्होंने फैंस के नाम संदेश दिया है।

आखिरी सांस तक दूंगा बेस्ट
जडेजा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि खेल ने उनको गिरकर संभलना और कभी हार ना मानना सिखाया है। उन्होंने अपने फैंस का धन्यवाद अदा करते हुए लिखा- मैं उन फैंस का शुक्रिया जितनी भी अदा करूं उतना कम है जो मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत रहे हैं। आपकी सपोर्ट के लिए शुक्रिया। प्रेरित करते हुए रहिए और मैं अपनी आखिरी सांस तक अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा। आप सभी को प्यार। आपको बता दें कि जडेजा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था। इस मुकाबले में उन्होंने 10 ओवर में केवल 34 रन देकर 1 विकेट लिया। फील्डिंग में भी दो कैच लिए और एक जबरदस्त रन आउट किया। जबकि बल्लेबाजी में केवल 59 गेंदों पर 77 रन बना दिए।

मांजरेकर भी मान गए अपनी गलती
जडेजा की टीम में एंट्री काफी लेट हुई लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि उनको बाहर रखना शायद विराट कोहली की एक भूल थी। जडेजा को इस विश्व कप में जब भी मौका मिला तो उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। इससे पहले संजय मांजरेकर ने उनको टुकड़ो में प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी बताया था लेकिन अब वहीं मांजरेकर जडेजा की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। उन्होंने ना केवल अपने ट्विटर हैंडल पर जडेजा को बधाई दी है बल्कि यह भी कहा है कि जडेजा ने अपने प्रदर्शन से उनको पूरी तरह गलत साबित कर दिया।
धोनी के रन-आउट पर खड़ा हुआ नया विवाद, एक छोटे से ग्राफिक्स ने पकड़ी बड़ी गलती

तेंदुलकर ने भी की तारीफ
वहीं सचिन तेंदुलकर ने भी जडेजा की प्रशंसा करते हुए कहा, 'वह अद्भुत थे। इस सुबह जब उन्होंने रॉस टेलर को डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट किया तब हम कमेंट्री बॉक्स में बैठे हुए कह रहे थे कि यह जडेजा का दिन हो सकता है। जिस तरह से उन्होंने धोनी के साथ साझेदारी में पहल की उसने न्यूजीलैंड को चकित कर दिया।' इसके अलावा कोहली ने भी मैच के बाद प्रेस क्रांफ्रेस में जडेजा और मांजरेकर के बीच हुए विवाद पर बात की। उन्होंने कहा कि जो कुछ पिछले हफ्ते हुआ उस पर ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता है लेकिन जडेजा ने मैदान पर अपने प्रदर्शन के जरिए यह साबित किया है कि वे कितने सक्षम खिलाड़ी हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
