नेल्लोर। क्रिकेट की दुनिया के लगभग सारे रिकार्ड अपने नाम करने वाले गॉड ऑफ इंडियन क्रिकेट सचिन तेंदुलकर शनिवार को आंध्र प्रदेश में कृष्णापट्टनम बंदरगाह पहुंचे क्योंकि उन्होंने यहां के पुत्तमराजू कंद्रिका गांव को गोद लिया है।
पुत्तमराजू कंद्रिका गांव की हालत काफी दयनीय है और यह गांव काफी पिछड़ा हुआ है। सचिन आज पुत्तमराजू कंद्रिका गांव जायेंगे और गांव का दौरा करेंगे।सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत इस बेहद पिछड़े गांव को गोद लेने की घोषणा करने के बाद तेंदुलकर का यह गांव का पहला दौरा है।तेंदुलकर ने संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत निर्धारित 2.79 करोड़ रुपयों से गांव में कई विकास कार्य शुरू करने वाले हैं।
इससे पहले जब शनिवार को सचिन कृष्णापट्टनम बंदरगाह पहुंचे थे तो वहां पर उनका काफी गर्मजोशी से स्वागत हुआ था। कृष्णापट्टनम बंदरगाह सुरक्षा अकादमी की तरफ से तेंदुलकर को गॉर्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।तेंदुलकर ने बंदरगाह परिसर में पौधरोपण भी किया। तेंदुलकर की एक झलक पाने के लिए बंदरगाह के कर्मचारियों और उनके बच्चों का हुजूम उमड़ पड़ा लेकिन सचिन ने किसी को निराश नहीं किया और मधुर मुस्कान और हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया।