'यह टीम नहीं ले सकती है बदला', पाकिस्तान की टी20 विश्वकप टीम से खुश नहीं है शाहिद अफरीदी
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिये पिछला हफ्ता काफी खराब गुजरा रहा है जिसके चलते उसकी सरजमीं पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने पहले पाकिस्तान दौरे पर पहुंचने के बाद सीरीज का पहला मैच होने से पहले सुरक्षा का खतरा बता कर दौरा रद्द करने का फैसला किया तो वहीं 48 घंटे बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने भी अगले महीने प्रस्तावित सीमित ओवर्स का दौरा रद्द करने का फैसला किया, जिसके चलते पीसीबी इस समय बुरी तरह से दोनों क्रिकेट बोर्ड पर झल्लाई हुई है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कई पूर्व दिग्गजों ने इसे देश की बेइज्जती बताते हुए यूएई में 17 अक्टूबर से खेले जाने वाले टी20 विश्वकप में इसका बदला लेने की बात कही है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नये चेयरमैन रमीज राजा ने खिलाड़ियों से दोनों टीमों के बीच होने वाले मुकाबले की तारीख को नोट कर बदला लेने की बात कही है। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और हरफनमौला खिलाड़ी शाहिद अफरीदी ने टी20 विश्वकप की टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है और कहा है कि यह टीम आगामी विश्वकप में बदला लेने लायक नहीं है।

सही नहीं है पाकिस्तान की यह विश्वकप टीम
शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तान की टीम के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि क्यों इतने सारे खिलाड़ियों को बाहर रखा गया है। हालांकि यह उनके देश की टीम है इस वजह से वो चाहेंगे कि विश्वकप में उनकी टीम विजेता बन कर उभरे।
क्रिकेट पाकिस्तान के साथ बात करते हुए अफरीदी ने कहा,'मुझे नहीं पता कि क्यों कुछ खास खिलाड़ियों को चुना गया और कुछ को छोड़ दिया गया है। मैंने सुना है कि विश्वकप के लिये टी20 टीम की एक बदलाव वाली टीम का ऐलान किया जा सकता है। मेरा खुद का मानना है कि यह विश्वकप खिताब के लिये सही टीम नहीं है। कायदे से इस टीम में कम से कम 3 बदलाव होने चाहिये। तो हां मैं टी20 विश्वकप के लिये चुनी गई टीम से सहमत नहीं हूं लेकिन विश्वकप के लिये अपनी टीम का समर्थन जरूर करता हूं।'

10 अक्टूबर तक बदलाव कर सकती है पाकिस्तान
उल्लेखनीय है कि आईसीसी ने सभी टीमों को अपने विश्वकप स्क्वॉड में बदलाव करने के लिये 10 अक्टूबर तक का समय दिया है, जिसके चलते पाकिस्तान टीम में कुछ खिलाड़ियों की वापसी और कुछ का बाहर जाना तय माना जा रहा है। पाकिस्तान की 15 सदस्यीय विश्वकप टीम में फखर जमान, सरफराज अहमद और शोएब मलिक का नाम शामिल नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को विश्वकप में भारत के खिलाफ अपने कैंपेन का आगाज करना है, जिसके बाद उसे न्यूजीलैंड से भिड़ना है। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिये नये चेयरमैन रमीज राजा के पद संभालने से पहले टीम के हेड कोच मिस्बाह उल हक और गेंदबाजी कोच वकार यूनिस ने बायोबबल से होने वाली परेशानी का बहाना देकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद पीसीबी ने ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज मैथ्यू हेडेन और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज वर्नैन फिलेंडर को विश्वकप के लिये कोचिंग की जिम्मेदारी दी है।

विश्वकप से पहले नहीं होना चाहिये था कोचिंग में बदलाव
शाहिद अफरीदी ने विश्वकप के लिये इस चयन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह वो निर्णय है जिसे टूर्नामेंट को देखते हुए लेना बेहद जरूरी था, हालांकि मुझे उम्मीद नहीं है कि उनके आने से टीम पर ज्यादा फर्क पड़ेगा।
उन्होंने कहा,' नये कोचिंग स्टाफ के आने से मुझे नहीं लगता कि टी20 विश्वकप पर ज्यादा फर्क पड़ने वाला है। मुझे लगता है कि नये कोचों को नियुक्ति विश्वकप के बाद होनी चाहिये थी। अगर कोचों ने अपनी मर्जी से इस्तीफा नहीं दिया होता तो पाकिस्तान क्रिकेट के साथ गलत होता। नये कोच जो टीम के साथ जुड़ेंगे वो जाहिर तौर पर यही कहेंगे कि हमने अभी जिम्मेदारी ली है। मुझे लगता है कि टी20 विश्वकप तक मिस्बाह और यूनिस को अपने पद पर बने रहना चाहिये था।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
