
चयनकर्ताओं के लिये टीम का सेलेक्शन मुश्किल टास्क
मौजूदा समय में कोरोना वायरस के चलते किसी भी तरह का खेल आयोजन हो पाना नामुमकिन नजर आ रहा है, हालांकि इस बीच सभी की नजर अक्टूबर-नवंबर में आयोजित होने वाले टी20 विश्व कप टिकी है। खिलाड़ियों के साथ चयनकर्ताओं के लिये भी टी20 विश्व कप बड़ी चुनौती है जिसके लिये उन्हें भारतीय टीम का चयन करना है। ऐसे में एक बड़ा सवाल यह उठता है कि टी20 विश्व कप में सलामी बल्लेबाजी के लिये रोहित शर्मा के साथ शिखर धवन या केएल राहुल में से किसे उतरना चाहिये। आइये इस सवाल के जवाब के लिये हम एक नजर आंकड़ों पर डालते हैं।

टी20 में जबरदस्त तरीके से उभरे हैं केएल राहुल
यूं तो भारतीय टीम में जगह बना पाना आसान काम नहीं है लेकिन केएल राहुल के लिये यह शुरुआत से ही थोड़ा ज्यादा मुश्किल भरा रहा। हालांकि पिछले 6 महीनों में केएल राहुल ने देश और विदेश में जिस तरह का खेल दिखाया उससे टी20 विश्व कप के लिये टीम में उनकी जगह लगभग पूरी तरह से पक्की हो गई है। सलामी बल्लेबाजी की बात करें तो इसमें कोई दो राय नहीं है कि वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा के साथ शिखर धवन कमाल के जोड़ीदार रहे हैं लेकिन टी20 क्रिकेट में जब से केएल राहुल ने वापसी की है हर बार प्रभावित किया है।
शिखर धवन की गैर हाजिरी में जब भी केएल राहुल को रोहित शर्मा के साथ बतौर सलामी बल्लेबाज के रूप में मौका मिला है उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया है और टी20 प्रारूप में एक और दमदार जोड़ी के रूप में उभरे हैं।

रोहित के साथ राहुल की जोड़ी है बेस्ट
भारतीय टीम के आंकड़ों पर नजर डालें तो टी20 प्रारूप में रोहित शर्मा के साथ केएल राहुल की जोड़ी ज्यादा बेहतर नजर आती है। इन दोनों खिलाड़ियों का ताल-मेल इतना शानदार है कि मैदान पर वो एक साथ बहुत ही खतरनाक नजर आते हैं। रोहित और राहुल ने टी20 प्रारूप में अब तक 18 बार साझेदारी की जिसमें 55.94 की औसत और 10 से ज्यादा के रन रेट से 1019 रन जोड़े हैं। इस जोड़ी ने आपस में टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है।
टी20 क्रिकेट में इस जोड़ी ने अब तक पहले, दूसरे और तीसरे विकेट के रूप में साझेदारी की है। इन 18 पारियों में 11 बार ओपनिंग तो 4 बार दूसरे विकेट के रूप में जबकि 3 बार तीसरे विकेट के रूप में साथ मैदान पर उतरे हैं।

टी20 में बेस्ट है धोनी-कोहली की साझेदारी
इस जोड़ी के अलावा अगर टी20 प्रारूप में किसी जोड़ी ने सबसे बेहतर साझेदारी का नमूना पेश किया है तो वह है पूर्व कप्तान एमएस धोनी और विराट कोहली के बीच, जिन्होंने 15 पारियों में 87.16 की औसत से 523 रन जोड़े और नेट रन रेट 10 से ऊपर रखा।
गौरतलब है कि ज्यादातर समय इन दोनों खिलाड़ियों के बीच साझेदारी तब हुई जब टीम को तेजी से रन बनाने की जरूरत थी तो में खिलाड़ियों के नाबाद लौटने के मौके भी ज्यादा बनते हैं। इसी कारण से इस जोड़ी का औसत भी ज्यादा है।


Click it and Unblock the Notifications
