RR vs KKR: गेंदबाजों के दम पर प्लेऑफ में पहुंची केकेआर, राजस्थान को 86 रनों से हराया
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल का 14वां सीजन इस समय यूएई में खेला जा रहा है जो नॉकआउट स्टेज के करीब पहुंच चुका है। शारजाह के मैदान पर खेले गये 54वें मैच में राजस्थान की टीम ने सिर्फ टॉस में ही जीत हासिल की जिसके बाद संजू सैमसन की कप्तानी वाली टीम को हर विभाग में शिकस्त मिली और केकेआर ने उन्हें 86 रनों से मात देकर न सिर्फ 2 अंक हासिल किये बल्कि नेट रन रेट को ज्यादा बेहतर कर दिया। केकेआर की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में राजस्थान की टीम महज 85 रन पर ही सिमट गई।
नॉकआउट स्टेज के लिये क्वालिफाई करने वाली 4 टीमों में से 3 टीमें पहले ही क्वालिफाई कर चुकी थी लेकिन चौथे पायदान के लिये कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच जंग देखने को मिल रही थी, जहां पर दोनों टीमें 12-12 अंक पर काबिज थी, हालांकि कोलकाता की टीम के पास बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से क्वालिफाई करने का ज्यादा मौका था। ऐसे में प्लेऑफ की जंग के लिये कोलकाता की टीम राजस्थान के खिलाफ खेलने उतरी तो उसके दिमाग में सिर्फ जीत ही थी ताकि उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंच सके, लेकिन केकेआर की टीम की इस जीत के बाद मुंबई की टीम का सनराइजर्स पर जीत हासिल करने के बाद भी प्लेऑफ में पहुंच पाना काफी मुश्किल हो गया है।
और पढ़ें: जानें कौन हैं दीपक चाहर की गर्लफ्रेंड जिसे मैच के बाद किया प्रपोज, बिग बॉस से रहा है खास कनेक्शन
शारजाह के मैदान पर खेले गये इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 171 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया, जो कि इस सीजन शारजाह के मैदान पर खड़ा किया गया सबसे बड़ा स्कोर रहा है। कोलकाता की टीम के लिये सलामी बल्लेबाज शुबमन गिल (56) और वेंकटेश अय्यर (38) ने बड़ा पारियां खेलकर अहम शुरुआत दी तो वहीं पर इयोन मोर्गन और दिनेश कार्तिक ने अच्छा फिनिश कर टीम को एक मैच जिताऊ स्कोर पर पहुंचा दिया।
जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम जब बल्लेबाजी करने उतरी तो उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहा और उसने महज 35 रन के स्कोर पर अपने 7 विकेट खो दिये और ऐसा लगा कि शायद राजस्थान की टीम आईपीएल के इतिहास के सबसे न्यूनतम स्कोर पर ऑल आउट होने वाली टीम बन जायेगी, हालांकि राहुल तेवतिया (44) ने ऐसा होने नहीं दिया और टीम के स्कोर को 80 रन के पार पहुंचा दिया।
राजस्थान के लिये यशस्वी जायसवाल (0) पहले ही ओवर में शाकिब अल हसन की गेंद पर बोल्ड गये, तो वहीं पर दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर कप्तान संजू सैमसन (1) शिवम मावी का शिकार बने। लॉकी फर्ग्यूसन ने पारी के चौथे ओवर में लियाम लिविंगस्टोन (6) को राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच कराया तो वहीं इसी ओवर में अनुज रावत (0) भी एलबीडब्लयू होकर वापस लौटे। शिवम मावी ने 8वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स (8) और शिवम दुबे (18) को आउट कर टीम की कमर तोड़ दी।
केकेआर की टीम के लिये वरुण चक्रवर्ती ने भी शानदार गेंदबाजी की और क्रिस मॉरिस (0) का विकेट हासिल किया तो वहीं पर लॉकी फर्ग्यूसन ने जयदेव उनादकट (6) को विकेट लेकर 8वां विकेट हासिल किया। चेतन साकरिया (1) रन आउट का शिकार हुए तो वहीं पर राहुल तेवतिया (44) को शिवम मावी ने बोल्ड कर ऑल आउट कर दिया। केकेआर के लिये इस मैच में लॉकी फर्ग्यूसन (3 विकेट), शिवम मावी (4 विकेट), वरुण चक्रवर्ती (एक विकेट) और शाकिब अल हसन (एक विकेट) ने राजस्थान की पारी को समेटने का काम किया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications