क्या क्रिकेट के हर प्रारूप से कोहली को छोड़ देनी चाहिये कप्तानी, वीरेंदर सहवाग ने दिया जवाब
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में भारतीय टीम के बाहर हो जाने के बाद विराट कोहली नामिबिया के खिलाफ खेले जाने वाले लीग मैच में आखिरी बार टी20 की कप्तानी करते नजर आयेंगे। विराट कोहली ने विश्वकप के आगाज से पहले ही अपने खेल को बेहतर करने और वर्कलोड को मैनेज करने के लिये टी20 प्रारूप की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया था। विराट कोहली की कप्तानी में यह भारत का पहला और आखिरी टी20 विश्वकप रहा जिसमें भारतीय टीम नॉकआउट स्टेज में भी जगह बनाने में नाकाम रही। नामिबिया के खिलाफ खेला जाने वाला यह मैच विराट कोहली की टी20 कप्तानी का आखिरी मैच होगा जिसमें टॉस पर उतरते ही वो भारत के लिये 50 टी20 मैचों में कप्तानी करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जायेंगे।
ऐसे में भले ही विश्वकप में भारतीय टीम का सफर काफी खराब रहा लेकिन अब वो अपने कप्तानी करियर को जीत के साथ अलविदा कहना चाहेंगे। जहां विराट कोहली ने फिलहाल टी20 प्रारूप की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया तो वहीं पर कई लोगों का मानना है कि खेल के अन्य दो प्रारूप में भी उनका कप्तान बने रहना मुश्किल है, खासतौर से टी20 विश्वकप में जिस प्रकार से भारतीय टीम का प्रदर्शन रहा है उसे देखते हुए लगातार सवाल उठाये जा रहे हैं कि क्या विराट कोहली को बचे हुए दोनों प्रारूप से कप्तानी छोड़ देनी चाहिये।
और पढ़े: PAK vs AUS: 1998 के बाद पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी ऑस्ट्रेलिया, तीनों प्रारूप में खेलेगी सीरीज

क्या कोहली को छोड़नी चाहिये बाकी प्रारूप की कप्तानी
लोगों के इस सवाल का जवाब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंदर सहवाग ने अपने शो वीरूगिरी में दिया है जिसमें उन्होंने साफ किया कि विराट कोहली को अभी बचे हुए दोनों प्रारूप में कप्तानी बरकरार रखनी चाहिये। सहवाग का मानना है कि कोहली ने भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए बाकी दो प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसको देखते हुए उन्हें बचे हुए दोनों प्रारूप की कप्तानी जारी रखनी चाहिये।
वीरूगिरी डॉट कॉम के ताजा एपिसोड में फैन की ओर से पूछे गये सवाल का जवाब देते हुए सहवाग ने कहा,'यह विराट का निर्णय है लेकिन मेरे हिसाब से उन्हें अपने दोनों प्रारूप की कप्तानी बरकरार रखनी चाहिये। अगर वो सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर खेलना चाहते हैं तो यह उनका निर्णय है. मुझे लगता है कि भारत ने उनकी कप्तानी में काफी शानदार प्रदर्शन किया है। एक कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है, यह उनका निजी डिसीजन है कि वो भारत के लिये वनडे और टेस्ट प्रारूप की कप्तानी जारी रखना चाहते हैं या नहीं।'

कोहली ने किया है अच्छा प्रदर्शन
सहवाग ने आगे बात करते हुए कहा कि मेरे हिसाब से उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी जारी रखना चाहिये क्योंकि वह काफी अच्छे खिलाड़ी हैं और एक ऐसे कप्तान हैं जो आगे से टीम का नेतृत्व करते हैं। भले ही सहवाग कोहली को बतौर कप्तान खेलते हुए देखना चाहते हैं लेकिन उनका मानना है कि विराट कोहली को इस बात पर ध्यान देने की जरूरत है कि आखिरकार भारत 2013 चैम्पियन्स ट्रॉफी के बाद कोई भी खिताब क्यों नहीं जीत पाया है।

भारत को खुद के प्रदर्शन पर काम करने की जरूरत
उन्होंने कहा,'मैं जानता हूं कि हमें खराब समय में भारतीय टीम का समर्थन करने की जरूरत है लेकिन यह भी सच है कि लंबे समय से हमने कोई भी आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीता है। भारत को खुद के प्रदर्शन पर झांकने की जरूरत है। द्विपक्षीय सीरीज में जीत हासिल करना एक बात है लेकिन लोग आपको तभी याद रखते हैं जब आप वैश्विक टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
