नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में इस समय हलचल मची हुई है। कारण है हाल ही में बीसीसीआई द्वारा लिए गए कुछ अहम फैसले। बीसीसीआई ने हाल ही में साउथ अफ्रीका दाैरे के लिए वनडे सीरीज को लेकर नए कप्तान की अपडेट दी। विराट कोहली को हटाकर रोहित शर्मा को कप्तान बनाया गया। इसके बाद फिर कोहली ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए एक तरह से संदेश दिया कि बीसीसीआई ने उनके साथ गलत किया क्योंकि उनके साथ कप्तानी को लेकर कोई अधिक चर्चा नहीं की गई थी। यही नहीं, कोहली वनडे व टेस्ट की कप्तानी करना जारी रखना चाहते थे, लेकिन बीसीसीआई सीमित ओवरों के क्रिकेट की कप्तानी के लिए सिर्फ एक कप्तान चाहता था। ऐसे में बीसीसीआई अध्यक्ष साैरव गांगुली ने एक बार फिर बताया कि क्यों रोहित को कप्तान बनाया गया।
गांगुली फिलहाल कोहली के फैंस के निशाने पर हैं, क्योंकि कोहली ने कहा कि गांगुली ने उनके साथ वनडे कप्तानी के लिए कोई चर्चा नहीं की।। गांगुली ने एक बार फिर से रोहित का सपोर्ट करते हुए कहा कि वो कप्तान के तौर पर बेस्ट च्वॉइस थे। बैकस्टेज विद बोरिया में गांगुली ने कहा, ''मुंबई इंडियंस के लिए 5 आईपीएल खिताब जीतना, डेक्कन चार्जर्स के साथ एक खिताब जीतना उनकी दबाव से निपटने की क्षमता के बारे में बताता है। जब कोहली ने एक बार निर्णय ले लिया कि वह टी20आई की कप्तानी नहीं करना चाहते, तो वह (रोहित) सबसे अच्छे विकल्प थे। उन्होंने भारत में न्यूजीलैंड को 3-0 से हराकर अपने नए दाैर की अच्छी शुरुआत की है। उम्मीद है कि इस साल हमने जो देखा हम अगले साल भारत के लिए उससे बेहतर परिणाम देखेंगे।''
यह भी पढ़ें- 'हारने वाला वास्तव में भारतीय क्रिकेट है', BCCI-कोहली विवाद पर आकाश चोपड़ा ने दी राय
बता दें कि भारत ने कोहली की कप्तानी में भी लिमिटेड ओवर में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन टीम कोई आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत पाई। गांगुली ने आगे कहा कि भारत ने 2017 में चैंपियस ट्रॉफी के साथ-साथ 2019 विश्व कप में भी अच्छा खेल दिखाया था। वहीं 2021 टी20आई विश्व कप में हमारा प्रदर्शन पिछले 4-5 सालों में सबसे खराब था। मुझे नहीं पता क्या हुआ। मुझे लगता है कि हम अहम मैच के समय खुलकर नहीं खेले। कभी-कभी, आप बस फंस जाते हैं। जिस तरह से हम पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले, मुझे लगा कि हम केवल 15 प्रतिशत ही अपना योगदान दे सकते थे। उम्मीद है कि हम इससे सीखेंगे।''