IND vs SA: बारिश ने किया सेंचुरियन टेस्ट का मजा किरकिरा, बिना गेंद फेंके खत्म हुआ दूसरा दिन
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क पर खेला जा रहा है, जहां पर बारिश ने खेल का मजा किरकिरा कर दिया है। बॉक्सिंग डे पर शुरू हुए इस मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर 272 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है। पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया उसे देखते हुए फैन्स को दूसरे दिन काफी रोमांचक खेल देखने की उम्मीद थी, जिसमें न सिर्फ विराट सेना एक बड़ा स्कोर खड़ा करती बल्कि साउथ अफ्रीकी टीम के कुछ विकेट भी अपने नाम करने में कामयाब होती।
हालांकि बारिश ने फैन्स की उम्मीदों को पूरी तरह से धो दिया। सोमवार को सेंचुरियन के मैदान पर दूसरे दिन का खेल नहीं हो सका और बारिश के चलते एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। पहले सेशन का खेल बारिश के चलते पूरी तरह धुल जाने के बाद मैच अधिकारियों ने लंच लेने का फैसला किया। इस दौरान बारिश कुछ देर के लिये रुक गई पर मैदान गीला होने की वजह से खेल नहीं शुरू हो सका।
और पढ़ें: Ashes 2021-22: मेलबर्न में जेम्स एंडरसन ने लगाया विकेटों का चौका, नाम किये कई सारे रिकॉर्ड
जैसे ही सपोर्टिंग स्टाफ मैदान को सुखाने की कोशिश करने में कामयाब होता नजर आया तभी बारिश ने दोबारा मैच में शिरकत की और दिन का खेल रद्द किये जाने तक जारी रही। गौरतलब है कि भारतीय टीम के लिये इससे पहले इंग्लैंड दौरे का पहला मैच भी बारिश की चपेट में आ गया था, जहां पर भारतीय टीम जीत की दहलीज पर खड़ी थी लेकिन आखिरी दिन बारिश की वजह से एक भी ओवर का खेल नहीं हो सका और मैच ड्रॉ पर समाप्त हो गया।
सेंचुरियन टेस्ट में भारतीय टीम ने शानदार आगाज किया है और अपने बल्लेबाजों के दम पर बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही है, जिसे देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि वह इस मैच में जीत हासिल करने की ओर अपने कदम बढ़ा रही थी, हालांकि बारिश ने जिस तरह से पूरे एक दिन (90 ओवर्स) का खेल खराब किया है उसका प्रभाव मैच के नतीजे पर भी नजर आ सकता है। बचे हुए दिनों में मैच का नतीजा आने के लिये भारतीय टीम को अच्छी बल्लेबाजी के साथ ही बेहद शानदार गेंदबाजी करनी होगी जिसके सामने साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ढेर होते नजर आये, वरना 4 दिन मे मैच का नतीजा निकाल पाना मुश्किल है।
और पढ़ें: Ashes 2021-22: मेलबर्न टेस्ट पर मंडराया कोरोना का खतरा, अब तक 5 सदस्य हुए पॉजिटिव
आपको बता दें कि सेंचुरियन टेस्ट के लिये अगले दो दिन मौसम के हिसाब से काफी साफ रहने वाले हैं और धूप खिलती नजर आयेगी। हालांकि मैच के आखिरी दिन फिर से बारिश आने की आशंका है, ऐसे में इस मैच के ड्रॉ होने के ज्यादा चांसेस हैं। भारतीय टीम के लिये फिलहाल केएल राहुल (122) और अजिंक्य रहाणे (40) नाबाद पारियां खेलकर क्रीज पर टिके हुए हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications