कोलकाता। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चेन्नई सुपर किंग्स के प्रमुख कार्यकारी अधिकारी गुरुनाथ मयप्पन को स्पॉट फिक्सिंग के मामले में कथित संलिप्ता के कारण निलंबित कर दिया है।
बीसीसीआई के सचिव संजय जगदाले ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा, "मयप्पन को क्रिकेट, विशेषकर चेन्नई सुपर किंग्स टीम के साथ किसी भी तरह की भागीदारी से निलंबित किया जाता है। बीसीसीआई की अनुशासनात्मक समिति या आईपीएल की व्यवहार संहिता समिति द्वारा इस मामले की जांच तथा सुनवाई लंबित है।"
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात मुंबई क्राइंम ब्रांच ने बीसीसीआई चीफ श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन को तीन घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। अब क्राइम ब्रांच मयप्पन और बिंदु दारा सिंह को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जायेगी।
बीसीसीआई चीफ के इस्तीफे की मांग भी लगातार हो रही है लेकिन बीसीसीआई अध्यक्ष श्रीनिवासन ने इस्तीफा देने से इंकार कर दिया है।