नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम आज अपना छठा मैच दुबई के मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलने उतरी है। इस मैच में हैदराबाद की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाये और पंजाब के सामने जीत के लिये 202 रनों का लक्ष्य रखा है। पंजाब की टीम ने आज के मैच में 3 अहम बदलाव किये लेकिन पिछले 5 मैचों से क्रिस गेल को मैदान पर बल्लेबाजी करने को देखने उत्सुक फैन्स को आज एक बार फिर निराशा हाथ लगी।
और पढ़ें: SRH vs KXIP: डेविड वॉर्नर ने जड़ा 50वां अर्धशतक, नाम किये कई बड़े रिकॉर्ड
पंजाब ने आज के मैच में अर्शदीप , प्रभसिमरन सिंह और मुजीब उर रहमान को जगह देने का काम किया, हालांकि फैन्स को उम्मीद थी कि आज के मैच में उन्हें क्रिस गेल की बल्लेबाजी देखने को मिलेगी लेकिन ऐसा हो न सका। मैच के दौरान पंजाब के हेड कोच अनिल कुंबले ने इस खिलाड़ी के न खेलने की वजह का खुलासा करते हुए बताया कि आज के मैच में उनका खेलना बिल्कुल तय था।
मैच के दौरान स्टार स्पोर्टस के कॉमेंटेटर्स से बात करते हुए कुंबले ने कहा,' आज के मैच में क्रिस गेल का खेलना तय था और हम सभी इसको लेकर तैयार थे, हालांकि वह अभी फूड पॉयजनिंग से जूझ रहें है जिसके चलते वह आज के मैच में अंत समय में बाहर हो गये।'
और पढ़ें: SRH vs KXIP: वॉर्नर-बेयरस्टो ने जड़ा अर्धशतक, नाम किया आईपीएल का खास रिकॉर्ड
गौरतलब है कि किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन नतीजे अपने पक्ष में कर पाने में नाकाम रही है। इस टीम को अब तक खेले गये 5 में से 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, इसमें से पंजाब की टीम को कम से कम 3 ऐसे मैच थे जिसमें उसे करीबी हार मिली।
आपको बता दें कि आज के मैच में पंजाब की टीम हर हाल में जीत हासिल करना चाहिये, क्योंकि अगर आज उसे हार मिलती है तो आगे खेले जाने वाले 8 मैचों में से 7 में उसे जीत हासिल करनी होगी अगर वह खुद को क्वॉलिफायर में देखना चाहती है तो।