नई दिल्ली। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रविवार को होने वाला दूसरा वनडे मैच अब सोमवार को कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। पाकिस्तान के लिए अच्छी शुरुआत करते हुए बाबर आजम ने अपने करियर का 11वां शतक ठोक दिया है और 50 ओवर की समाप्ति पर 7 विकेट खोकर 305 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया है। इससे पहले यह मैच रविवार को होना था लेकिन ग्राउंड स्टाफ को मैदान ठीक करने का अधिक समय मिल सके इस लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने इसे सोमवार को कराने का फैसला लिया। हालांकि इस दौरान एक बड़ा सवाल फैन्स के जहन में घूम रहा है कि आखिरकार 10 सााल पहले जिस टीम पर आतंकी हमला हुआ और जिसके चलते पाकिस्तान से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट विलुप्ति की कगार पहुंचा, उसी देश ने सबसे पहले वहां का दौरा क्यों किया।
श्रीलंका क्रिकेट टीम के कोच रुमेश रतनायके ने इस बात का जवाब दिया। रुमेश रतनायके ने कहा कि पाकिस्तान का मौजूदा दौरा श्रीलंका के अन्य खिलाड़ियों को यहां पर खेलने के लिए प्रेरित करने के लिए किया गया है।
और पढ़ें: टेस्ट मैच से पहले घबराया अफ्रीकी खेमा, बोला- भारत से खेलना मुश्किल है
उन्होंने साथ ही उम्मीद जताई है कि यह दौरा दिसंबर में होने वाली टेस्ट सीरीज की राह खोलेगा। श्रीलंका इस समय पाकिस्तान के दौरे पर है जहां वह कराची में तीन मैचों की वनडे सीरीज और फिर लाहौर में तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी।
दरअसल यह दोनों सीरीज पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के बदले आयोजित की जा रही है क्योंकि श्रीलंका के कई प्रमुख खिलाड़ियों ने पाकिस्तान में खेलने से मना कर दिया था।
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने रत्नायके के हवाले से लिखा है, 'यह दिसंबर में होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले की तैयारी है। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह सीरीज अन्य खिलाड़ियों को यहां खेलने के लिए प्रेरित करेगी लेकिन हम किसी पर दबाव नहीं डाल सकते। उन्होंने फैसला लिया है और हमें उसका सम्मान करना चाहिए, लेकिन अगर चीजें सही हो गईं तो यह भविष्य के लिए बड़ी बात होगी। न सिर्फ पाकिस्तान के लिए बल्कि यहां आने वाले देशों के लिए भी।'
और पढ़ें: ऋषभ पंत के साथ फोटो को लेकर शिखर धवन ने दिया चौंका देने वाला जवाब, जानें क्या कहा
श्रीलंका के 10 मुख्य खिलाड़ियों ने पाकिस्तान में खेलने से इंकार कर दिया था। इसके बाद श्रीलंकाई चयन समिति को दोयम दर्जे की टीम चुननी पड़ी।