नई दिल्ली| सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित लोढ़ा समिति ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे संस्करण से जुड़े सट्टेबाजी मामले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व टीम अधिकारी गुरुनाथ मयप्पन और राजस्थान रॉयल्स के सहमालिक राज कुंद्रा पर किसी प्रकार की क्रिकेट गतिविधि से जुड़ने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया।
साथ ही इस समिति ने सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स टीमों को आईपीएल से दो साल के लिए निलम्बित भी कर दिया है जिसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के करियर पर खतरा मंडरा रहा है।
लेकिन इस फैसले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों को कोई खतरा नहीं है क्योंकि अब गेंद बीसीसीआई के हाथ में हैं और क्रिकेटरों की राय में अब बीसीसीआई दोनों टीमों के प्लेयर्स को टीमों के अनुबंध से मुक्त कर दे और फिर से खिलाड़ियों की नीलामी कराये और उसके बाद इन टीमों के खिलाड़ी को जो टीमें खरीदेंगी, वो उस टीम के साथ आईपीएल 2016 खेल सकते हैं।
अब यह बात और है कि इस काम को बीसीसीआई कैसे और कब असली जामा पहनाती है? हालांकि अभी इस बाबत बीसीसीआई की ओर से कोई बयान नहीं आया है। वैसे भी सीएसके अब इंडियन सीमेंट कंपनी की प्रापर्टी रही नहीं, उसे आज से डेढ़ महीने पहले ही अलग करके बेच दिया गया है। ऐसे में चेन्नई के खिलाडियों के पास साफ विकल्प है शान से आईपीएल खेलने का।
आईये डालते हैं एक नजर दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर
1. चेन्नई सुपरकिंग्स : 25 क्रिकेटर
महेंद्र सिंह धोनी (कैप्टन), आशीष नेहरा, बाबा अपराजित, ब्रेंडन मैक्कुलम, ड्वेन ब्रावो, ड्वेन स्मिथ, फाफ डु प्लेसिस, ईश्वर पांडे, मैट हेनरी, मिथुन मन्हास, मोहित शर्मा, पवन नेगी, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, सैमुअल बद्री, सुरेश रैना, रोनित मोरे, माइकल हसी, राहुल शर्मा, कायले एबॉट, अंकुल बैंस, इरफान पठान, प्रत्युश सिंह, एंड्यू टाइ, एकलव्य द्विवेदी।
2. राजस्थान रॉयल्स : 25 क्रिकेटर
स्टीव स्मिथ (कैप्टन), शेन वॉटसन, स्टुअर्ट बिन्नी, जेम्स फॉकनर, अजिंक्य रहाणे, संजू सैमसन, रजत भाटिया, टिम साउदी, धवल कुलकर्णी, अभिषेक नायर, केन रिचर्ड्सन, बेन कटिंग, करुण नायर, दीपक हुडा, दिशांत याग्निक, विक्रमजीत मलिक, अंकित शर्मा, राहुल तेवतिया, प्रवीण तांबे, क्रिस मौरिस, दिनेश सालुंखे, जॉन थेरॉन, प्रदीप साहू, बारींदर सरन और सागर त्रिवेदी।