
सुनील गावस्कर ने दी विराट सेना को चेतावनी
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले इस वर्चुअल क्वार्टरफाइनल मैच पर बात करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के इस दिग्गज ने कहा कि विराट सेना के लिये हार्दिक पांड्या की फिटनेस इकलौती समस्या है जिसके बारे में कप्तान को सोचने की जरूरत है।
खलीज टाइम्स को लिखे अपने कॉलम में गावस्कर ने कहा,'भारतीय टीम बहुत ज्यादा बदलाव करने की ओर नहीं देख रही होगी क्योंकि अगर आप सिर्फ एक मैच में हार के बाद यह करते हैं तो यह विपक्षी टीम को बताता है कि आपके खेमे में कितनी बेचैनी है। भारत को इसकी जरूरत नहीं है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भारत के पास सिर्फ एक ही समस्या है जिस पर उसे ध्यान देना है, वह है हार्दिक पांड्या की फिटनेस।'

हार्दिक पांड्या करेंगे गेंदबाजी में वापसी
सुनील गावस्कर ने आगे बात करते हुए लिखा कि पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक के कंधे में चोट नजर आयी थी जिसके बाद उन्हें स्कैन के लिये ले जाया गया, हालांकि बाद में वो पूरी तरह फिट बताये गये। प्रैक्टिस सेशन में भी वो नेट्स पर गेंदबाजी करते नजर आये, ऐसे में साफ है कि वो न्यूजीलैंड के खिलाफ इस अहम मैच में भारत के छठे गेंदबाजी विकल्प बन सकते हैं। विराट कोहली ने भी अपनी टीम पर भरोसा जताते हुए साफ कहा था कि वो अब फिट हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलते नजर आयेंगे।

रोमांचक होगा बोल्ट-रोहित का मुकाबला
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का यह भी मानना है कि इस अहम मुकाबले में रोहित शर्मा और ट्रेंट बोल्ट के बीच होने वाला मुकाबला काफी देखने लायक होगा। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में रोहित शर्मा लेफ्ट आर्म पेसर शाहीन अफरीदी के खिलाफ गोल्डन डक पर आउट हुए थे जिसने उनकी बायें हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनकी कमजोरी को फिर से उजागर कर दिया।
उन्होंने लिखा,' इस मैच में जो सबसे रोमांचक होगा वो है ट्रेंट्र बोल्ट और रोहित शर्मा के बीच होने वाला छोटा सा मुकाबला, जिसमें देखने लायक होगा कि रोहित किस तरह से बोल्ट की गेंदों का सामना करते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद केन विलियमसन इस मुकाबले में ट्रेंट बोल्ट को नई गेंद से खिलाने को बेताब होंगे। जब गेंद नई होती है तो कुछ ओवर्स तक स्विंग करती है और रोहित जिस तरह से पहले मैच में आउट हुए थे उसके बाद न्यूजीलैंड उसे दोहराना चाहेगी।'


Click it and Unblock the Notifications
