
क्यों है भारत-न्यूजीलैंड का मैच नॉकआउट गेम
ग्रुप 2 की बात करें तो यहां पर भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामिबिया की टीमें शामिल हैं, जिसमें पाकिस्तान की टीम पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है। ऐसे में एक पायदान के लिये भारत, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और नामिबिया के बीच भिड़ंत देखने को मिलेगी। स्कॉटलैंड की टीम अपने 2 मैच हारकर पहले ही बाहर हो गई है। ऐसे में अगर यह मान लिया जाये कि भारत और न्यूजीलैंड की टीमें अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामिबिया के खिलाफ अपने सभी मैच जीत लेंगी तो दोनों ही टीमों के पास 6-6 अंक हो जायेंगे।
ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह मैच वर्चुअल नॉकआउट बन गया है, जिसमें जीत हासिल करने वाली टीम 2 अंक हासिल कर 8 अंक पर पहुंच जायेगी और सेमीफाइनल में पहुंच जायेगी। ऐसे में अगर भारत को मिली हार से यह कहा जा सकता है कि वो सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो गई है।

क्या भारत हार कर भी बना सकती है सेमीफाइनल में जगह
टी20 प्रारूप को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है जिसमें कोई भी टीम किसी भी टीम को हरा सकती है और अफगानिस्तान की टीम ने इस विश्वकप में ऐसा ही प्रदर्शन किया है। अपने पहले ही मैच में स्कॉटलैंड की टीम को अफगानिस्तान ने 130 रनों से मात दी तो वहीं पर पाकिस्तान के खिलाफ 19वें ओवर में जाकर मैच गंवाया। ऐसे में जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने उतरी तो एक बार फिर से बैकफुट पर नजर आयी और खुलकर खेल नहीं सकी। भारतीय खिलाड़ियों ने न तो बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया और न ही विकेट चटका सके, जिसके चलते 14.4 ओवर्स में ही कीवी टीम ने जीत हासिल कर ली।
ऐसे में भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये अपने बचे हुए 3 मैचों में जीत के अलावा ही न्यूजीलैंड की टीम की एक हार की भी प्रार्थना करनी होगी, अगर ऐसा होता है तो दोनों टीमें 6-6 अंक पर पहुंच जायेंगी और नेट रन रेट के दम पर सेमीफाइनलिस्ट का फैसला होगा। हालांकि भारत चाहेगा कि न्यूजीलैंड की टीम को यह हार अफगानिस्तान के बजाय स्कॉटलैंड या नामिबिया की टीम के हाथों मिले, या फिर कीवी टीम को एक से ज्यादा मैच में हार का सामना करना पड़े। इतना ही नहीं भारत को अपने बचे हुए मैचों में सिर्फ जीत नहीं बल्कि बड़ी जीत की दरकार रहेगी।

अफगानिस्तान की टीम भी कर सकती है सेमीफाइनल में क्वालिफाई
ग्रुप 2 में अगर कोई टीम सबसे ज्यादा अनप्रेडिक्टेबल मानी जा रही है तो वो है अफगानिस्तान की टीम, जिसने पाकिस्तान को काफी टक्कर दी। अफगानिस्तान की टीम अपने पहले 3 मैचों में से 2 में जीत हासिल कर चुकी है और फिलहाल उसका नेट रन रेट +3.097 का है। अगर अब अफगानिस्तान की टीम भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ बचे हुए अपने मैचों में से किसी एक के खिलाफ भी जीत हासिल करती है तो भारत और न्यूजीलैंड के साथ वो भी 6 अंक पर पहुंच जायेगी। हालांकि उसका नेट रन रेट इतना शानदार है कि अगर वो किसी एक भी टीम को हरा देती है तो बाकी सभी को पछाड़ कर सेमीफाइनल के लिये क्वालिफाई कर जायेगी। ऐसे में भारत के लिये सेमीफाइनल पहुंचने के लिये बस एक ही राह नजर आती है कि वो टूर्नामेंट के बचे हुए सभी मुकाबलों में जीत हासिल करे और उम्मीद करे कि न्यूजीलैंड की टीम को या तो एक से ज्यादा मैचों में हार मिले या फिर उसे अफगानिस्तान के बजाय किसी दूसरी टीम के हाथों हार मिले।


Click it and Unblock the Notifications
