नई दिल्ली। मशहूर बॉलीवुड एक्टर पदम श्री टॉम ऑल्टर शुक्रवार रात मुंबई स्थित उनके घर पर निधन हो गया। वह लंबे समय से स्किन कैंसर से जूझ रहे थे। टॉम ऑल्टर ने टीवी और फिल्मों से लेकर स्पोर्ट्स में भी काफी काम किया। टॉम को क्रिकेट से भी बहुत प्यार था। मास्टर ब्लास्टर क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर का पहला टीवी इंटरव्यू लेने वाले जर्नलिस्ट कोई और नहीं बल्कि टॉम अल्टर ही थे। उनके खेल से जुड़े कुछ कॉलम काफी चर्चित हुए थे। एक बार उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक कॉलम लिखा था।
दरअसल तीन साल पहले जब धोनी ने टेस्ट मैच से रिटायरमेंट का ऐलान किया था तब उनके इस फैसले ने हर किसी को चौंका दिया। उन्होंने 30 दिसंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच ड्रॉ होने के बाद टेस्ट से रिटायरमेंट की घोषणा की थी। बीच सीरीज में संन्यास लेने से धोनी की हर तरफ आलोचना हुई थी। उसी समय टॉम अल्टर ने धोनी को लेकर एक लेख लिखा।
उन्होंने लिखा था, "ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच सीरीज खत्म होने से पहले धोनी का यूं संन्यास लेने का फैसला गलत है। इस हरकत के लिए उन्हें हमेशा के लिए भारत को रिप्रेजेंट करने से बैन कर देना चाहिए।"
एक इंटरव्यू में टॉम ने ये तक कह दिया था कि उन सभी क्रिकेटर्स पर बैन लगा देना चाहिए जो सीरीज के दौरान संन्यास की घोषणा कर देते हैं। उन्होंने कहा था, "नवजोत सिंह सिद्धू और लाला अमरनाथ की ही तरह धोनी ने भी सीरीज को बीच में छोड़ दिया। वो भी अपनी कैप्टनशिप के दौरान। इन सभी को विलेन बनाकर पेश करना चाहिए। टीम का कैप्टन रहते हुए ऐसी हरकत करना जैंटलमैन की निशानी नहीं है।
अपने लेख में टॉम ने आगे लिखा था कि कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने के अलावा उन्होंने (धोनी ने) लोगों के विश्वास के साथ भी खेला है। धोनी ने किसी की परवाह नहीं की क्योंकि वह कॉरपोरेट वर्ल्ड के फेवरेट हैं, बॉस के फेवरेट हैं, उनके लिए हारना और जीतना मायने नहीं रखता। उन्होंने ये भी लिखा था कि धोनी के लिए बस ब्रैंड और पैसा महत्वपूर्ण है।
इसे भी पढ़ेंः- इस कंगारू गेंदबाज ने कहा, सचिन का विकेट उखाड़ने वाली आवाज कानों को सुकून देती थी