नई दिल्ली। टीम इंडिया से बाहर चल रहे सुरेश रैना के लिए बड़ी राहत मिली है। दरअसल सुरेश रैना को रणजी ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश टीम का कप्तान बनाया गया है। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। टीम की कप्तानी सुरेश रैना को सौंपी गई है। इसके अलावा शिवम चौधरी, हिमांशू असनोरा, रिंकू सिंह, अक्क्षदीप नाथ, एकलव्य द्विवेदी, उमंग शर्मा, अल्मास शौकत, सौरभ कुमार, जीशान अंसारी, दीपेंद्र पांडेय, अंकित राजपूत, प्रवीण कुमार, कार्तिक त्यागी, इम्तियाज अहमद, इसरार अजीम और ध्रुव प्रताप सिंह को टीम में जगह दी गई है।
गौरतलब है कि सुरेश रैना पिछले काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में रैना के चयन को लेकर कयास लगाए जा रहे थे लेकिन उनकी खराब फिटनेस की वजह से वह टीम में शामिल नहीं हो पाए। मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी कहा जा रहा है कि सुरेश रैना को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इंडिया ए की टीम में शामिल होना था लेकिन खराब फिटने के चलते उनका टीम में चयन नहीं हो सका।
आपको बता दें कि यूपी की टीम रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए में है। ग्रुप ए में यूपी के अलावा दिल्ली, असम, रेलवे, हैदराबाद, महाराष्ट्र और कर्नाटक की टीम भी है। यूपी अपना पहला मैच 6 अक्टूबर को रेलवे के खिलाफ खेलेगी। ये मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा।
इसे भी पढ़ेंः- पुरुषों के मैच में होगी महिला अंपायर, पहली बार इस देश में होगा ऐसा