लंदन। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज आज से हो गया है, भारत अपना पहला मैच पाकिस्तान के साथ रविवार यानी कि 4 जून को खेलेगा। वैसे जहां हर कोई इस मैच के लिए उत्साहित है, वहीं दूसरी ओर कोच अनिल कुंबले को लेकर टीम के अंदर काफी गहमागहमी बढ़ गई है।
कहा जा रहा है कि टीम के कैप्टन विराट कोहली और कोच अनिल कुंबले के बीच में काफी कुछ ठीक नहीं चल रहा है इसलिए कुंबले की वापसी कोच के पोस्ट पर मुश्किल है।
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कुंबले टीम इंडिया के कोच नहीं होंगे
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अनिल कुंबले टीम इंडिया के कोच नहीं होंगे, इंडियन एक्सप्रेस की खबर की मुताबिक आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी, अनिल कुंबले का बतौर कोच आखिरी टूर्नामेंट होगा। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्टस में कहा गया है कि कोहली और कुंबले के बीच सुलह कराने की पूरी कोशिश हो रही है लेकिन दोनों ही मानने को तैयार नहीं हो रहे हैं।
कोहली को कुंबले का सख्त रुख बर्दाश्त नहीं
कोहली को कुंबले का सख्त रुख बर्दाश्त नहीं है और इसी के कारण दोनों के बीच विवाद उपजा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कुलदीप यादव को लेकर कई बार दोनों के बीच तकरार हुई थी, जिसके बाद गर्ममिजाज वाले कोहली और सख्तमिजाज कुंबले के बीच में दूरियां आ गई हैं।
बीसीसीआई ने भी कुंबले के विदाई की तैयारी कर ली है
इसलिए बीसीसीआई ने भी कुंबले के विदाई की तैयारी कर ली है और नए कोच के लिए इंटरव्यू पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद होने की संभावना है। मालूम हो कि अनिल कुंबले ने भारतीय क्रिकेट टीम का मुख्य कोच पद जून 2016 में संभाला था, जिसके बाद टीम इंडिया का प्रदर्शन अभी तक शानदार रहा है, वहीं अनिल कुंबले की निगरानी में भारत ने लगभग हर किसी विपक्षी टीम को हराया है।