
अगर नहीं हुआ ऐसा तो छिन जायेगी कोहली की वनडे कप्तानी
बीसीसीआई के सूत्रों की मानें तो फिलहाल इस सवाल का जवाब न है और जल्द ही भारतीय चयनकर्ता इसको लेकर बैठक करने वाले हैं, जिसका एजेंडा विश्वकप के बाद खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिये भारतीय टीम का ऐलान, टी20 का नया कप्तान और वनडे में बतौर कप्तान कोहली के भविष्य की चर्चा होगी।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बीसीसीआई के आधिकारिक सूत्र ने कहा,'बोर्ड काफी नाखुश है और अब विराट कोहली की वनडे कप्तानी भी जारी रखने बड़ा सवाल है। भारत को अभी भी 3 मैच खेलने हैं और अगर किसी तरह से हम टूर्नामेंट में वापसी कर लेते हैं और सेमीफाइनल में जगह बना लेते हैं तो चीजें बदल सकती हैं, पर सच तो यही है कि अगर आप अभी मुझसे या किसी और से यह सवाल करेंगे तो आपको यही जवाब मिलेगा कि विराट कोहली का वनडे प्रारूप में कप्तान बने रहना मुश्किल है।'

कौन बनेगा भारत का नया कप्तान
बीसीसीआई के आधिकारिक सूत्र से जब नये कप्तान के लिये रोहित शर्मा के नाम को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल इस पर फैसला नहीं लिया गया है और राहुल द्रविड़ के खेमे को ज्वाइन करने के बाद इस पर फैसला लिया जायेगा।
उन्होंने कहा,'फिलहाल किसी भी खिलाड़ी का नाम लेना काफी जल्दबाजी होगी, पहले टी20 विश्वकप को खत्म हो जाने दीजिये। राहुल द्रविड़ भी जल्द ही नये हेड कोच के रूप में भारतीय खेमे को ज्वाइन कर सकते हैं, इसको लेकर उनसे भी बात की जायेगी। रोहित या कोई और या फिर विराट कोहली को ही बरकरार रखने के सभी फैसलों पर उसके बाद चर्चा की जायेगी। उम्मीद है कि हमें भारत के लिये स्प्लिट कैप्टेन देखने को मिल सकते हैं जिसके अनुसार वनडे और टी20 का एक और टेस्ट मैच का अलग (विराट) कप्तान देखने को मिल सकता है।'

नये कप्तान पर जल्द लिया जायेगा फैसला
गौरतलब है कि भारतीय टीम के राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के बीच अगले कुछ दिनों में बैठक होने वाली है जिसमें भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिये टीम का ऐलान किया जायेगा। इस सीरीज में भारत को 17 नवंबर (जयपुर), 19 नवंबर (रांची) और 21 नवंबर (कोलकाता) को 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जायेगी, जिसके बाद 2 मैचों की टेस्ट सीरीज (25-29 नवंबर, कानपुर) और 3-7 दिसंबर (कानपुर) में खेला जायेगा।
माना जा रहा है कि विराट कोहली के टी20 प्रारूप से कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित शर्मा को टीम की कमान दी जा सकती है, हालांकि चयनकर्ता न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के लिये भारत की दूसरी स्ट्रिंग की टीम का ऐलान करते नजर आ सकते हैं और इसकी कप्तानी केएल राहुल को सौंप सकते हैं। आपको बता दें कि विश्वकप के बाद भारतीय टीम का पूरा सपोर्ट स्टाफ बदलने वाला है, जिसको ध्यान में रखते हुए नये कप्तान के नाम पर फैसला लिया जायेगा।


Click it and Unblock the Notifications
