दुबई। इस समय इंडियन टीम के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली का बल्ला बोल रहा है इसलिए आईसीसी रैंकिंग और मीडिया जगत में उनकी तूती बोल रही है। जहां आईसीसी वन डे रैंकिंग में विराट दूसरे पायदान पर हैं वहीं दूसरी ओर आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में तीन स्थानों की छलांग लगाते हुए वह 12वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
दूसरी ओर श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा ने दोबारा शीर्ष वरीयता हासिल कर ली है। संगकारा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बीते टेस्ट सीरीज में दोहरा शतक लगाया जिसके कारण उन्हें यह पोजीशन हासिल हुई है।
गौरतलब है कि विराट ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज में चार शतक और एक अर्धशतक के साथ कुल 744 रन बनाए। इस लिस्ट में विराट कोहली के अलावा दो और भारतीय क्रिकेटर भी है जिनके नाम है मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा। आईसीसी टेस्ट रैकिंग में मुरली विजय को 22वीं और चेतेश्वर पुजारा को 23वीं पोजीशन पर संतोष करना पड़ा है।
बल्लेबाजों के अलावा इस रैंकिंग में गेंजबाजों को भी जगह दी गई है जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद समी शामिल है जिन्होंने सात स्थानों की छलांग लगाई और करियर की सर्वोच्च 31वीं वरीयता हासिल कर ली। आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने नौ स्थान ऊपर उठते हुए 33वीं वरीयता हासिल की। टेस्ट में हरफनमौला खिलाड़ियों की वरीयता सूची में बांग्लादेश के शाकिब-अल-हसन शीर्ष पर बरकरार हैं। भारत के रविचंद्रन अश्विन इस सूची में तीसरे पायदान पर हैं और शाकिब से 80 रेटिंग अंक नीचे हैं।