
पावरप्ले में ही टूटी वेस्टइंडीज की कमर
इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और दूसरे ही ओवर से कैरिबियाई बल्लेबाजों को अपनी गेंदों में उलझाना शुरू कर दिया। क्रिस वोक्स ने दूसरे ही ओवर में एविन लुईस को मोइन अली के हाथों कैच कराया तो वहीं पर मोइन अली ने अगले ओवर में लिंडल सिमंस को लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। अपने अगले ओवर में मोइन अली ने शिमरोन हेटमायर को कप्तान मोर्गन के हाथों कैच कराकर तीसरा झटका दिया।
जहां वेस्टइंडीज की टीम के बल्लेबाज बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में अपना विकेट गंवाते नजर आ रहे थे तो वहीं पर मैदान पर आने वाला नया कैरिबियाई बल्लेबाज रुककर पारी को आगे बढ़ाने के बारे में सोचता नजर नहीं आया, नतीजन क्रिस गेल भी टिमिल मिल्स की गेंद पर कैच थमाकर वापस लौट गये। पावरप्ले के दौरान वेस्टइंडीज की टीम ने महज 31 रन ही जोड़े और अपने 4 विकेट खो दिये, इसके बाद ऐसा लगा कि शायद अब कैरिबियाई बल्लेबाज संभलकर खेलते नजर आयें लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

बार-बार एक ही गलती करते रहे कैरिबियाई खिलाड़ी
कैरिबियाई टीम तू चल मैं आया कि तर्ज पर अपने विकेट खोती चली गई और किसी भी बल्लेबाज ने रुककर रन बनाने की कोशिश नहीं की। वेस्टइंडीज ने कुल 55 रनों की पारी में से 30 रन बाउंड्रीज के जरिये बटोरे, जो कि दर्शाता है कि खिलाड़ी सिंगल-डबल्स लेकर स्कोर कार्ड को आगे बढ़ाने की कोशिश करते नजर नहीं आये। वेस्टइंडीज की टीम का हर खिलाड़ी जो भी मैदान पर आया उसने सिंगल लेने के बजाय बड़ा शॉट लगाने पर भरोसा दिखाया और अपना कैच थमाकर वापस लौट गये। नतीजन वेस्टइंडीज की टीम के लिये क्रिस गेल (13) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहांई के आंकड़े को नहीं छू सका। वेस्टइंडीज की टीम के लिये बल्लेबाजों ने पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया लेकिन सिर्फ 55 रन ही बना सके।

आदिल राशिद ने किया विश्वकप में अपना बेस्ट प्रदर्शन
इंग्लैंड के लिये हरफनमौला खिलाड़ी आदिल राशिद ने शानदार गेंदबाजी की और टी20 प्रारूप का बेस्ट प्रदर्शन किया। आदिल राशिद ने अपने स्पेल में 2.2 ओवर्स की गेंदबाजी की और सिर्फ 2 रन देकर 4 विकेट हासिल किये। वहीं मोइन अली और टिमिल मिल्स ने अपने 4-4 ओवर के स्पेल में 2-2 विकेट चटकाये। दोनों ने अपनी गेंदबाजी में 17-17 रन खर्च किये। क्रिस वोक्स ने भी 2 ओवर के स्पेल में 12 रन दिये तो वहीं पर क्रिस जॉर्डन ने 2 ओवर फेंक कर 7 रन दिये और एक-एक विकेट अपने खाते में हासिल किये।


Click it and Unblock the Notifications