
5 विकेट से करना पड़ा था हार का सामना
साल 2012 में पाकिस्तान की टीम ने दो टी20 मैचों और तीन वनडे मैचों के लिए भारत का दाैरा किया था। पहले टी20 सीरीज हुई थी, जिसका पहला मुकाबला बेंगलुरू के एमए चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ था। इस मैच में शोएब मलिक के चलते भारत को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान ने टाॅस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्याैता दिया था। भारत ने ओपनिंग जोड़ी गाैतम गंभीर और अजिंक्य रहाणे के रूप में अच्छी शुरूआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में 77 रनों की साझेदारी की, लेकिन जैसे ही रहाणे(42) और गंभीर(43) का विकेट गिरा, इसके बाद कोई भी भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर टिक नहीं सका। देखते ही देखते पूरी टीम 133 रनों पर ढेर हो गई। सुरेश रैना और युवराज सिंह ने 10-10 रन बनाए थे, इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। उमर गुल ने 3 ओवर में 21 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए। सईद अजमल ने 2 विकेट लिए, जबकि शाहिद अफरीदी और मोहम्मद इरफान को 1-1 विकेट मिला।

शोएब मलिक के चलते आखिरी पलों में मिली थी हार
जवाब में उतरी पाकिस्तान टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही थी। तीन ओवर में पाकिस्तान ने 12 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे। नासिर जमशेद 2 और अहमद शहजाद 5 रन बनाकर आउट हुए। चाैथे नंबर पर उतरे उमर गुल खाता भी नहीं खोल सके थे, लेकिन तभी तीसरे नंबर के बल्लेबाज मोहम्मद हफीज ने शोएब मलिक के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया था। भारतीय गेंदबाज इस जोड़ी को जल्दी तोड़ने में नाकाम रहे। हफीज ने इस दाैरान अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन वह 18वें ओवर की पहली गेंद पर इशांत शर्मा का शिकार बन गए। हफीज ने 44 गेंदों में 61 रन बनाए। अब पाकिस्तान को जीत के लिए 17 गेंदों में 16 रन चाहिए थे। शोएब का साथ देने के लिए फिर कामरान अकमल आए। अकमल (1) 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अशोक डिंडा का शिकार बने। स्कोर 5 विकेट पर 123 था। अब पाकिस्तान को जीत के लिए 7 गेंदों में 11 रन चाहिए थे। लगा कि भारत जीत सकता है, लेकिन शोएब मलिक क्रीज पर डटे हुए थे। उन्होंने स्ट्राइक अपने पास रखा और आखिरी ओवर की चाैथी गेंद पर टीम को जीत दिला दी। शोएब ने ना सिर्फ भारत से मैच छीना, बल्कि अपना अर्धशतक भी पूरा किया। उन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 57 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चाैके और इतने ही छक्के शामिल रहे।

पाकिस्तान को मलिक से फिर उम्मीद
भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए पाकिस्तान ने अपनी 12 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। शोएब मलिक खेलते हुए नजर आएंगे और ऐसे में पाकिस्तान को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। मलिक टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज भी हैं। शोएब ने 28 टी20 विश्व कप मैचों की 27 पारियों में 546 रन बनाए हैं। शाहीद अफरीदी भी इनके बराबर हैं। साथ ही मलिक पाकिस्तान की टी20 विश्व कप टीम में दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी हैं। वे 39 साल के हैं आैर अक्तूबर 1999 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हाथ आजमा रहे हैं। उनका अपार अनुभव टीम के काम आएगा। इसके अलावा शोएब टी20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे सफल पाक बल्लेबाज हैं। शोएब ने भारत के खिलाफ 8 मैचों में 164 रन बनाए हैं जिनमें उनका एक अर्धशतक शामिल है। उन्हें मध्यक्रम में तेजी से रन बनाने के लिए जाना जाता है।


Click it and Unblock the Notifications
