IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले हरभजन सिंह ने क्यों लिया संन्यास, जानें अब किस रोल में आयेंगे नजर
नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के मैदान पर फैन्स को भारतीय ऑफ स्पिन के दिग्गज खिलाड़ी और टर्बनेटर के नाम से मशहूर हरभजन सिंह का जलवा आखिरी बार साल 2016 में देखने को मिला था, जब वो एशिया कप 2016 के 9वें मैच में यूएई की टीम के खिलाफ खेले थे। हरभजन सिंह ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 11 रन दिये और एक विकेट अपने नाम किया। भारत ने 9 विकेट से इस मैच को जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन शायद ही किसी को इस बात का अंदाजा रहा होगा कि हरभजन सिंह के लिये यह उनके अंतर्राष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच साबित होगा।
भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को मात देकर 8 विकेट से जीत हासिल की लेकिन हरभजन को इस खिताबी जीत में मैदान पर शिरकत करने का मौका नहीं मिला। हरभजन सिंह ने 3 मार्च को खेले गये इस मैच के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी वापसी की आस नहीं छोड़ी, लेकिन जब 2020 में कोरोना वायरस के चलते ऑस्ट्रेलिया में खेला जाने वाला टी20 विश्वकप टल गया तो वो भविष्य के बारे में सोचने लगे।

आईपीएल 2021 में नहीं खेले एक भी मैच
आईपीएल 2020 के दौरान जब हरभजन से सवाल किया गया कि वो संन्यास क्यों नहीं ले रहे हैं, तो उन्होंने कहा था कि जब तक उन्हें यह महसूस होता रहेगा कि वो क्रिकेट खेल सकते हैं और खेल के लिये फिट हैं इस बात का सवाल ही नहीं उठता। हालांकि इस सीजन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने उन्हें अपने खेमे से रिलीज कर दिया और वो कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के साथ जुड़े। आईपीएल 2021 के पहले लेग के दौरान केकेआर की टीम ने अपने शुरुआती मैच चेन्नई की स्पिन फ्रैंडली पिच पर खेले जहां पर उन्हें आरसीबी के खिलाफ सिर्फ एक ही मैच में खेलने का मौका मिला जिसमें वो काफी महंगा साबित हुए और 4 ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट लिये 38 रन लुटा दिये। इसके बाद उन्हें दोबारा प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिला। हरभजन सिंह की टीम फाइनल में जरूर पहुंची लेकिन उन्हें पूरे सीजन के दौरान सिर्फ एक ही मैच में खेलने का मौका मिला।

इस वजह से हरभजन ने लिया संन्यास का फैसला
ऐसे में जब आईपीएल 2022 के लिये सभी टीमें मेगा ऑक्शन की तैयारियों में जुटी हुई हैं तो हरभजन सिंह को भी इस बात का एहसास है कि अगर वो ऑक्शन में जाते हैं तो किसी भी टीम की ओर से उन्हें बतौर खिलाड़ी रिटेन करने के आसार काफी कम हैं। इतना ही नहीं वो आईपीएल 2021 में खिलाड़ी से ज्यादा सलाहकार के रूप में काम करते नजर आये। केकेआर की टीम के नये सुपरस्टार वेंकटेश अय्यर को मौका मिलने और गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती की घातक स्पिन के पीछे हरभजन का ही दिमाग रहा, जिसकी बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम फाइनल तक पहुंच सकी। ऐसे में हरभजन सिंह ने अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कहते हुए एक नये सिरे से आईपीएल से जुड़ने का फैसला किया है।

इस नये रोल में नजर आयेंगे हरभजन सिंह
गौरतलब है कि हाल ही में एक रिपोर्ट सामने आयी थी जिसमें हरभजन सिंह के आधिकारिक रूप से संंन्यास का ऐलान करने और आईपीएल 2022 के लिये स्पिन कंसलटेंट के रूप में जुड़ने की बात कही गई थी। ऐसे में जब हरभजन ने अपने 23 साल के क्रिकेटिंग करियर को अलविदा कह दिया है तो वह वक्त भी दूर नहीं जब उनके करियर के इस नये रोल पर भी आधिकारिक पुष्टि आयेगी। आपको बता दें कि रिपोर्ट में यह कहा गया है कि हरभजन सिंह ने आईपीएल 2022 के लिये एक फ्रैंचाइजी के साथ अपने स्पिन कंसलटेंट के रूप में जुड़ने को लेकर सारी बातें साफ कर ली हैं और करार के लिये महज औपचारिकतायें ही बची हुई हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
