
भारत को हराना मेरे करियर का सर्वश्रेष्ठ दिन
पांचवी बार ऑस्ट्रेलिया को आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली कप्तान मेग लैनिंग ने मैच के बाद इस दिन को अपने करियर का यादगार पल बताते हुए विश्व कप के सफर को याद किया।
उन्होंने कहा, ‘जिस तरह से हमने एक टीम के तौर पर परिस्थितियों से निपटने का दमखम दिखाया वह शानदार था। भारतीय टीम को इस तरह से फाइनल में हराना और खिताब का जीतना, आज का दिन मेरे करियर का सर्वश्रेष्ठ दिन है।'

उतार-चढ़ाव के बीच खिताब जीतना शानदार
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे दर्शकों के बीच भारत को 85 रनों की बड़ी हार देने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी सरजमीं पर पहला खिताब जीता।
आईसीसी से बात करते हुए लैनिंग ने कहा, ‘यह टूर्नामेंट हमेशा बड़े पैमाने पर होने वाला था, हमने इस दौरान उतार-चढ़ाव देखे। सबसे बड़े मंच में दमदार प्रदर्शन करने में सक्षम होना बहुत शानदार है।'

आसान नहीं थी फाइनल की राह
टीम के लिए फाइनल में पहुंचने की राह इतनी आसान नहीं रही। ग्रुप चरण के करो या मरो मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को और फिर सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया। लैनिंग ने कहा कि यह दोनों मुकाबले काफी तनाव वाले थे।
उन्होंने कहा, ‘न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला और सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हम दबाव में थे। उन मैचों में जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचने से पहले हम टूर्नमेंट से बाहर होने के कागार पर थे।


Click it and Unblock the Notifications
