मुंबई। टी20 विश्वकप में आस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के धांसू बल्लेबाज युवराज सिंह के चोटिल हो जाने के कारण टीम इंडिया थोड़ी मुश्किल में आ गई है। उनकी जगह लेने के लिए अब युवा खिलाड़ी मनीष पांडे को टीम में शामिल किया गया है।
हालांकि अभी युवराज सिंह के खेलने पर सस्पेंस बरकरार है, यह पूरी तरह से तय नहीं है कि वो खेलेंगे कि नहीं, उनके बारे में अंतिम फैसला बुधवार को होगा। वैसे टीम में अजिंक्ये रहाणे और पवन नेगी जैसे सितारे हैं जो कि युवी की जगह ले सकते हैं लेकिन बावजूद इसके मनीष पांडे को कॉल किया गया।
युवी की जगह पर कर सकते है बैटिंग
हो सकता है इसके पीछे कारण ये है कि जिस नंबर पर युवी खेलते हैं वहां रहाणे फिट ना बैठे लेकिन नेगी को तो मौका दिया जा सकता था। इसमें कोई शक नहीं कि मनीष पांडे बेहतरीन खिलाड़ी हैं और विश्वकप से पहले हुए आस्ट्रेलिया सीरीज में वो सिडनी मैच के हीरो रह चुके हैं।
31 मार्च को वेस्टइंडीज से सेमीफाइनल
मालूम हो कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बैटिंग के दौरान युवराज के एड़ी चोट लगी थी जिसके कारण उनका वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 मार्च होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में खेलना थोड़ा मुश्किल है और अगर चोट कहीं गंभीर हुई तो वो वर्ल्ड कप से भी बाहर हो सकते हैं।
बेहतरीन साझेदारी, उम्दा पारी
हालांकि युवराज सिंह ने अभी तक हुए चार मैचों में कोई बड़ी पारी नहीं खेली है लेकिन उन्होंने चारों मैचों में एक परफेक्ट समझदारी निभायी है। पाकिस्तान, बांग्लादेश और आस्ट्रेलिया तीनों मैचों में उन्होंने विराट कोहली का साथ बखूबी दिया वो भी उस वक्त जब टीम संकट में थी ऐसे में युवी का विश्वकप से बाहर होना टीम इंडिया और उनके चाहने वालों के बड़ा धक्का बन सकता है।