नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच शुक्रवार से साउथैम्पटन के मैदान पर शुरू हुआ है, हालांकि बारिश की वजह से मैच अभी तक शुरू नहीं हो सका है। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने एक बार फिर से भारतीय टीम को लेकर ऐसा ट्वीट किया जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया है और भारतीय फैन्स ने उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल करना शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि माइकल वॉन अक्सर सोशल मीडिया पर भारतीय टीम को लेकर कुछ न कुछ विवादित बयान देते नजर आते हैं। शुक्रवार को साउथैम्पटन में बारिश के चलते पहले दो सेशन धुल जाने के बाद माइकल वॉन ने कहा कि भारतीय टीम को बारिश ने बचा लिया।
साउथैम्पटन में गुरुवार की शाम से ही बारिश हो रही है और इसी के चलते शुक्रवार को जल्दी लंच भी ले लिया गया। मैच में अब तक टॉस नहीं हो सका है। मैच अधिकारियों की ओर से बारिश के चलते पहले सेशन खेल न हो पाने की बात का आधिकारिक ऐलान करने के कुछ देर बाद ही माइकल वॉन ने भारतीय टीम के लिये कटाक्ष भरा हुआ ट्वीट किया।
और पढ़ें: आयरिश बल्लेबाज केविन ओ ब्रायन ने किया संन्यास का ऐलान, 2011 विश्व कप में इंग्लैंड को किया था हैरान
उन्होंने लिखा,'मैं देख रहा हूं कि मौसम ने भारतीय टीम को बचा लिया है।' वहीं माइकल वॉन का यह ट्वीट भारतीय फैन्स को पसंद नहीं आया और उन्होंने इंग्लैंड टीम को ही ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ यूजर ने विश्व कप 2019 की याद दिलाते हुए लिखा कि विश्व कप में अंपायर्स ने इंग्लैंड को बचाने का काम किया था और बाउंड्री काउंट ने उन्हें जीत दिलाने का काम किया। वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि यह बात इंग्लैंड से बेहतर कौन जान सकता है। कुछ यूजर्स ने बारिश को माइकल वॉन के रोने की वजह बताया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब माइकल वॉन और भारतीय फैन्स के बीच विवाद देखने को मिला है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत के 4-0 से हार की भविष्यवाणी की थी जबकि भारतीय टीम ने 2-1 से जीतने का काम किया था। वॉन को लेकर अक्सर भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर भी सोशल मीडिया पर ट्रोल करते नजर आते हैं।
और पढ़ें: ENGW vs INDW: ताश के पत्तों की तरह ढेर हुई भारतीय टीम, फॉलो ऑन बचाने में हुई नाकाम
आपको बता दें कि इस बीच बारिश बंद हो गई है और अंपायर्स भारतीय समयानुसार शाम के 7:30 बजे मैदान का निरिक्षण करेंगे और उसके बाद शायद दोनों टीमों के बीच टॉस देखने को मिल सकता है।