मुंबई। मंगलवार को बीसीसीआई ने विश्वकप 2015 की अंडर 15 टीम का ऐलान कर दिया जिसमें साल 2011 के विश्वकप के हीरो युवराज सिंह को शामिल नहीं किया गया है बावजूद इसके युवराज सिंह ने लगातार घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया के ऐलान के बाद मीडिया ने युवी से बात करनी चाही लेकिन युवराज कैमरे के आगे आने से बचते रहे जबकि उनके पिता योगराज सिंह ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की।
योगराज सिंह ने कहा कि युवराज सिंह को बीसीसीआई ने विश्वकप 2015 के लिए नहीं चुना तो इसके लिए हमें किसी से कोई शिकवा नहीं है और ना ही हम निराश है। रही बात युवराज सिंह तो मैं बता दूं कि मेरा बेटा टाइगर है और आज भी उसी तरह से क्रिकेट खेल रहा है जैसा कि पहले खेला करता था। मैं विश्वकप के लिए चुनी गई टीम को शुभकामनाएं देता हूं कि वो विश्वकप को वापस जीतकर लाये।
मेरा बेटा एक रियल फाइटर है जिस तरह से वो कैंसर जैसी बीमारी से लड़कर और जीतकर क्रिकेट खेल रहा है उसकी जितनी तारीफ की जाये कम है। उसकी फिटनेस में कोई कमी नहीं आयी है। इसलिए जो लोग कह रहे हैं कि युवी की क्रिकेट खत्म हो गई है वो गलत है, मुझे पूरा भरोसा है कि युवराज सिंह टीम इंडिया में कमबैक कर लेंगे।
गौरतलब है कि बीसीसीआई ने विश्वकप 2015 के लिए जो टीम चुनी है उसमें मौजूदा रणजी सत्र में तीन शतक लगा चुके युवराज सिंह को आईसीसी विश्व कप-2015 टीम में शामिल नहीं किया है। वहीं, चोट से उबर रहे रवींद्र जडेजा पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम में शामिल किया गया है।
मालूम हो कि विश्वकप 2015 की शुरूआत 14 फरवरी से होगी जो कि 29 मार्च तक चलेगा। इस बार विश्वकप 2015 का आयोजन आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड मिल कर रहे हैं।
विश्वकप 2015 की अंतिम 15 की जो टीम है वो निम्नलिखित है...
1.महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान)
2.विराट कोहली (उपकप्तान)
3. अजिंक्य रहाणे
4.शिखर धवन
5.रोहित शर्मा
6.स्टुअर्ट बिन्नी
7.सुरेश रैना
8.रवींद्र जडेजा
9.अंबाती रायडू
10.अक्षर पटेल
11.रविचंद्रन अश्विन
12.भुवनेश्वर कुमार
13.मोहम्मद समी
14.उमेश यादव
15. इशांत शर्मा