
सोशल मीडिया पर किया वापसी का ऐलान
युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर शेयर किये गये पोस्ट में लिखा,'आपकी किस्मत भगवान के हाथों में होती है, लोगों की भारी मांग पर मैं एक बार फिर से वापसी करने वाला हूं, उम्मीद है कि फरवरी में फिर से खेलता नजर आउंगा। फिर से मैदान पर खेलने जैसी फीलिंग कहीं और नहीं मिलती। आप सभी के प्यार के लिये धन्यवाद। हमारी टीम को ऐसे ही सपोर्ट करते रहिये, एक सच्चा फैन मुश्किल समय में अपनी टीम का साथ नहीं छोड़ता है।'
उल्लेखनीय है कि युवराज सिंह ने अपने पोस्ट में दो संदेश दिये हैं जिसके तहत पहले तो अपनी वापसी का ऐलान किया है तो वहीं पर विश्वकप में मुश्किल दौर से गुजर रही भारतीय टीम का समर्थन करने की अपील की है। इस दौरान उन्होंने अपनी वापसी को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी है।

लेजेंड लीग क्रिकेट में कर सकते हैं वापसी
जो फैन्स युवराज सिंह के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं तो उनके लिये बुरी खबर है कि युवराज से संन्यास से वापस लौटकर भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन रहे हैं। उन्होंने अपने मैसेज में साफ लिखा है कि वो पिच पर वापसी कर रहे हैं, भारतीय टीम में नहीं, हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि आपको उनके बल्ले से पुराने शॉटस देखने को नहीं मिलेंगे। दरअसल एबसल्यूट लेजेंडस स्पोर्टस (पी) लिमिटेड ने हाल ही में लेजेंडस लीग क्रिकेट की शुरुआत करने का ऐलान किया था जिसमें क्रिकेट से संन्यास ले चुके खिलाड़ियों की टीमों के बीच टूर्नामेंट खेला जायेगा। एबसल्यूट लेजेंडस स्पोर्टस लिमिटेड की तरफ से जारी की प्रेस रिलीज के अनुसार यह लीग टी20 प्रारूप में वैश्विक स्तर पर खेली जायेगी, जिसमें त्रिकोणीय सीरीज के रूप में मैच खेले जायेंगे।
इस दौरान 3 टीमों का चयन किया जायेगा, जिसमें भारत, एशिया और रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड की टीमें नजर आयेंगी। इस लीग की सबसे खास बात यह है कि इसमें पाकिस्तान के सन्यास ले चुके खिलाड़ी भी खेलते नजर आयेंगे। लीग में फाइनल समेत कुल 7 मैच खेले जायेंगे। लीग का पहला सीजन मार्च 2022 में खेला जाना है, ऐसे में युवराज सिंह की ओर से फरवरी में मैदान पर वापसी का ऐलान इसी लीग की ओर इशारा करता है जिसमें वो भारतीय टीम की ओर से खेलते नजर आयेंगे।

रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में भी होगी वापसी
गौरतलब है कि युवराज सिंह आखिरी बार सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता फैलाने के लिये खेली गई रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में इंडिया लेजेंडस की ओर से खेलते नजर आये थे। सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में इंडिया लेजेंडस ने श्रीलंका लेजेंडस की टीम को हराकर पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया था। फाइनल मैच में युवराज सिंह और युसुफ पठान ने मैच जिताऊ पारियां खेली थी। आपको बता दें कि रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के आयोजनकर्ता सुनील गावस्कर ने इसके दूसरे संस्करण का ऐलान कर दिया है, हालांकि तारीख को लेकर अभी तक मुहर नहीं लगी है।


Click it and Unblock the Notifications
