डरबन। फीफा विश्व कप-2010 में मंगलवार को दक्षिण कोरिया और नाइजीरिया के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। इसके साथ ही दक्षिण कोरिया अंतिम-16 में पहुंच गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार खेल के 12वें मिनट में ही कालू उचे ने गोल करके नाइजीरिया को बढ़त दिला दी। इसके बाद खेल के 38वें मिनट में ली जूंग सू ने गोल किया और दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हो गई।
क्लिक करें- फुटबॉल फैन ने बेटी का नाम रखा 'फीफा'
डरबन स्टेडियम में दक्षिण कोरिया की ओर से पार्क चू योंग ने दूसरा गोल किया। खेल के 69वें मिनट में नाइजीरिया को पेनेल्टी मिला और याकूबो आयेगबेनी ने बिना कोई चूक किए गेंद को दक्षिण कोरिया गोलपोस्ट में डाल दिया। आखिरकार यह मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा।
अर्जेटीना के खिलाफ 0-2 से ग्रीस की हार के बाद ग्रुप-बी में दक्षिण कोरिया की टीम दूसरे स्थान पर रही। ऐसे में इस ग्रुप से अर्जेटीना के साथ वह भी अगले दौर में पहुंच गई। ग्रीस और नाइजीरिया को बाहर होना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस