जोहांसबर्ग। फीफा विश्व कप-2010 का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला पांच बार के चैम्पियन ब्राजील और दो बार के उपविजेता रहे यूरोपीयन पावरहाउस हॉलैंड के बीच शुक्रवार को खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से पोर्ट एलिजाबेथ के नेल्सन मंडेला बे स्टेडियम में होगा।
इसी दिन भारतीय समयानुसार रात 12.00 बजे से दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दक्षिण अमेरिकी देश उरुग्वे और अफ्रीकी देश घाना की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच जोहांसबर्ग के सॉकर सिटी स्टेडियम में होगा। वर्ष 1988 में यूरोपीयन चैम्पियनशिप के रूप में अपना अब तक का सबसे बड़ा खिताब जीतने वाली हॉलैंड की टीम के लिए मैच काफी कठिन होगा क्योंकि उसकी भिड़ंत दिग्गज खिलाड़ियों से लैस ब्राजील की टीम से होगी, जो छठी बार खिताब जीतने के लिए उत्सुक दिख रही है।
क्लिक करें- अंदाजा नहीं था कि 'थूक' बन जाएगा बवाल
अब तक के प्रदर्शन के लिहाज से दोनों टीमों का पलड़ा बराबर दिख रहा है लेकिन विश्व कप में अनुभव और खिलाड़ियों के कद के लिहाज से ब्राजील की टीम हालैंड पर भारी पड़ती दिख रही है। ब्राजील की टीम चिली को 3-0 से हराकर अंतिम-8 में पहुंची है जबकि हालैंड ने स्लोवाकिया को 2-1 से पराजित कर इस दौर में पहुंचने का श्रेय हासिल किया है। दोनों टीमें प्रतियोगिता में अभी तक अजेय रही हैं।
हॉलैंड ने जहां अपने तीनों मैच जीते हैं वहीं ब्राजील को पुर्तगाल के खिलाफ ड्रॉ खेलना पड़ा था। ब्राजील ने अपने पहले मैच में उत्तर कोरिया को 2-1 से हराया था जबकि दूसरे मैच में उसने आइवरी कोस्ट को 3-1 के अंतर से पराजित किया था। दूसरी ओर, हालैंड ने अपने पहले मैच में डेनमार्क को 2-0 से पराजित किया था। दूसरे मैच में वह जापान पर 1-0 से जीत हासिल करने में सफल रहा था। तीसरे मैच में उसने कैमरून को 2-1 से हराया था।
इस तरह हॉलैंड की टीम ने जहां नौ अंकों के साथ दूसरे दौर में पहुंचने का श्रेय हासिल किया था वहीं ब्राजील की टीम सात अंकों के साथ अपने ग्रुप में सबसे ऊपर रही थी। अपने इसी विजय क्रम को जारी रखते हुए दोनों टीमों ने अंतिम-16 दौर में भी जीत हासिल की और एक अहम मुकाबले के लिए आमने-सामने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।