नेल्सप्रुईट। फीफा विश्व कप के ग्रुप डी के रोमांचक मैच में ऑस्ट्रेलिया ने सर्बिया को 2-1 से हराकर बाहर कर दिया, लेकिन साथ ही खुद भी बाहर हो गया। मैच में दोनों टीमें एक दूसरे पर भारी पड़ती दिखीं। आलम यह था कि 69वें मिनट तक एक भी गोल नहीं हुआ।
दोनों टीमों के के स्ट्राइकर व मिडफील्डर एक दूसरे पर हावी होते दिखे। मैच का पहला गोल ऑस्ट्रेलिया के टिम चाहिल ने किया। 1-0 की लीड बनाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम तेजी से आगे बढ़ती दिखी। पूरे फॉर्म में खेल रहे ब्रेट होलमैन ने 73वें मिनट में शानदार गोल किया।
क्लिक करें- ब्राजील के एलानो, डेको चोटिल, खेलने पर संशय
यहां पर लग रहा था कि बड़े अंतर से जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया प्री-क्वार्टर के लिए क्वालीफाई कर लेगा, लेकिन सर्बिया के मार्को पैंटेलिक ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मार्को ने 84वें मिनट में शानदार गोल करते हुए हार के मार्जिन को कर दिया। हालांकि सर्बियाई खिलाड़ी अंतिम मिनटों में दबाव नहीं बना सके और मैच हार गए।
इस मैच में जीत के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस ग्रुप में जर्मनी और घाना क्वार्टरफाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई हैं।