जोहांसबर्ग। फीफा विश्व कप-2010 में सोमवार को चिली के खिलाफ 3-0 से शानदार जीत दर्ज करने वाली ब्राजील फुटबॉल टीम का आत्मविश्वास अपने चरम पर है। क्वार्टरफाइनल में प्रतिद्वन्द्वी टीम को एक भी गोल करने का मौका न देने वाली ब्राजील की भिड़ंत अब नीदरलैंड्स से होगी।
स्थानीय एलिस पार्क स्टेडियम में हजारों दर्शकों के सामने ब्राजीलियाई खिलाड़ियों के खेल ने सभी का मन मोह लिया। पिछले मुकाबले में पुर्तगाल के खिलाफ फीका प्रदर्शन करने वाली ब्राजील के खिलाड़ियों ने यहां उसी खेल का प्रदर्शन किया जिसकी उम्मीद हर फुटबाल प्रेमी को थी। सही मायने में ब्राजील की पिछले तीन साल की वो प्लानिंग साफ नजर आ रही थी, जो उसने कोच डुंगा के नेतृत्व में की थी।
क्लिक करें- चिली को हराकर ब्राजील क्वार्टरफाइनल में
चिली जैसी मजबूत टीम को जिस तरह से ब्राजील ने टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया है, उससे उसका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ गया है। टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती घाना की टीम है। ब्रालील को पक्का विश्वास है कि शनिवार को होने वाले मैच में वो जरूर जीतेगी, लेकिन जीतने पर उसकी सेमीफाइनल में भिड़ंत घाना से हो सकती है और घाना काफी मजबूत टीम मानी जा रही है।
शुक्रवार को रात 8:30 बजे (भारतीय समयानुसार) घाना और उरुग्वे के बीच क्वार्टरफाइनल होना है। ब्राजील के कोच डुंगा ने मीडिया से बातचीत में कहा यदि घाना इस मैच में जीतती है, तो हमारे लिए बड़ी चुनौती होगी। घाना की टीम तेज गति से खेलती है। हमें उसके हिसाब से रणनीति तय करनी होगी। विश्व कप में आगे बढ़ रहीं सभी टीमों को सुधार के साथ आगे बढ़ना होगा।
क्लिक करें- विश्व कप 2010 स्पेशल
डुंगा ने कहा, "हमसे लोगों को बहुत सारी आशाएं हैं। बहुस से लोगों को विश्वास है कि ब्राजील ही विश्व कप जीतेगी। सच पूछिए तो जब हमने तीन साल पहले तैयारी शुरू की थी, तब ऐसा कुछ नहीं था। हमने हर मैच में अपने अंदर सुधार किया है। तीन साल की मेहनत ही है जो अब रंग ला रही है।"
डुंगा ने आगे कहा, "हमें शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना होगा, जैसा कि चिली के खिलाफ रहा। हमारी टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जो एक से अधिक पोजीशन पर खेल सकते हैं। इसका हमें फायदा मिलता है।"