डरबन। तीन बार विश्व कप चैंपियन रह चुकी जर्मनी की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 4-0 के भारी अंतर से हराते हुए फीफा 2010 में शानदार आगाज किया। मैच में पहला गोल करने वाले लुकास पोडोल्स्की को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
स्थानीय डरबन स्टेडियम में खेले गए मैच के आठवें मिनट में ही लुकास पोडोल्स्की ने पहला गोल दागा। इसके बाद स्टार खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोजा भी जोश से भर गए और उन्होंने जर्मनी की ओर से 26वें मिनट में दूसरा गोल किया।
क्लिक करें- हॉलैंड टीम में ट्विटर पर प्रतिबंध
पहले हाफ में जर्मनी के आक्रमण के सामने घुटने टेक चुकी आस्ट्रेलियाई टीम दूसरे हाफ में भी खस्ताहाल दिखी। उसके डिफेंडर तितर-वितर नजर आए। खेल के 68वें मिनट में युवा खिलाड़ी थॉमस मुएलर ने अपना पहला और मैच का तीसरा गोल किया। इसके चंद मिनटों बाद ही ककाऊ ने भी गेंद को गोलपोस्ट में डालकर आस्ट्रेलिया की करारी हार सुनिश्चित कर दी।
इस शानदार आगाज से गदगद जर्मनी के कप्तान फिलिफ लाम ने कहा, "मैच के शुरुआत से ही भाग्य हमारे साथ दिखा। आप कह सकते हैं कि हम एक युवा टीम हैं लेकिन हमने दिखाया कि हमारे पास अच्छा करने की क्षमता है।" 62 हजार से अधिक दर्शकों के सामने खेल शुरू हुआ तो मुकाबले के एकतरफा होने का आभास नहीं था, लेकिन जर्मनी खिलाडि़यों ने इस जीत के साथ आलोचकों का मुंह बंद कर दिया।