मैंगुआंग/ब्लोमफोंटेन। फीफा विश्व कप-2010 में ग्रुप-ए के एक मुकाबले में मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने पूर्व विश्व विजेता फ्रांस को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। जीत के बावजूद दक्षिण अफ्रीकी टीम अगले दौर में जगह नहीं बना पायी। क्योंकि इसी ग्रुप के एक अन्य मैच में मैक्सिको की टीम उरुग्वे से 0-1 से हारकर बेहतर गोल के अंतर से अगले दौर में पहुंच चुकी है।
हम आपको बता दें कि पिछले 80 वर्षों में दक्षिण अफ्रीकी पहली मेजबान टीम है जो विश्व कप के पहले ही दौर में बाहर हुई है। मंगलवार को फ्री स्टेट स्टेडियम में खेले गए मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम की ओर से 20वें मिनट में पहला गोल बोंगानी खुमालो ने किया और 1-0 की बढ़त हासिल करने के बाद 37वें मिनट में दूसरा गोल दागकर फ्रांसीसी खिलाड़ियों को सकते में डाल दिया। दूसरा गोल फारवर्ड खिलाड़ी काटलेगो मैफेला ने 37वें मिनट में किया।
क्लिक करें- दक्षिण कोरिया के साथ ड्रॉ के बाद नाइजीरिया बाहर
फ्रांस की टीम ने 70वें मिनट में अपना पहला गोल दागा था। उसके खिलाड़ी फ्लोरेंट मलूडा ने यह गोल किया। फ्रांस के खिलाड़ियों ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका पर कुछ जोरदार आक्रमण भी किए लेकिन उनका यह प्रयास विफल गया।
इस मैच में हार के साथ ही वह प्री-क्वोर्टरफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपने पहले मुकाबले में मेक्सिको को 1-1 की बराबरी पर रोकने में सफलता हासिल की थी लेकिन दूसरे मुकाबले में उरुग्वे ने उसे 3-0 से हरा दिया था। आज के मैच के परिणाम के बाद दक्षिण अफ्रीका के तीन मैचों से चार अंक हो गए लेकिन गोल अंतर के लिहाज से वह मेक्सिको से पिछड़ गया। फ्रांस ने तीन मैचों से एक अंक जुटाए और अपने ग्रुप की फिसड्डी टीम के तौर पर स्वदेश लौटी।