ISL 2021-22: डिफेंडिंग चैम्पियन को मिलेगी टॉप पर रहने की चुनौती, जमशेदपुर एफसी से भिड़ेगी मुंबई
नई दिल्ली। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के अगले मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन मुंबई सिटी एफसी के सामने गुरुवार को फतोर्डा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले जाने वाले 23वें मैच में इन फॉर्म जमशेदपुर एफसी से निपटने की मुश्किल चुनौती होगी। डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई सिटी एफसी टीम के लिये पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम घरेलू मैदान है और उसने नए कोच डेस बकिंघम के देख रेख में सीजन की अच्छी शुरुआत भी की है। फिलहाल मुंबई सिटी एफसी की टीम प्वाइंटस टेबल में टॉप पर काबिज है।
हैदराबाद एफसी के हाथों चौकाने देने वाली हार के बाद मौजूदा चैम्पियन ने लगातार दो जीत हासिल की हैं, जिसमें पिछली बार की उपविजेता टीम एटीके मोहन बगान पर 5-1 की बड़ी जीत भी शामिल है। हालांकि कोच ओवन कायेल की देखरेख में जमशेदपुर एफसी की टीम का कैंपेन अब तक काफी शानदार रहा है और उसने चार मैचों से आठ अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया हुआ है।
और पढ़ें: मौजूदा समय के 4 तेज गेंदबाज जो बन सकते हैं भारत के अगले जहीर खान, बेहद शानदार है रिकॉर्ड
इस समय मुंबई के खिलाड़ी अपने सर्वश्रेष्ठ आक्रामक प्रदर्शन पर हैं। यह ऐसी शैली है, जिसे उन्होंने अपने पिछले कोच सर्जियो लोबेरा के कोचिंग मैनुअल से अपनाया था। स्पेनिश स्ट्राइकर इगोर एंगुलो गजब की फॉर्म में चल रहे हैं और मुंबई के लिए चार गोल कर चुके हैं। बकिंघम के खिलाड़ियों ने इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा गोल दागे हैं और हैदराबाद एफसी के खिलाफ मुकाबले को छोड़कर, सभी विपक्षियों के लिए बुरा सपना साबित हो रहे है। हालांकि, बकिंघम चीजों को हल्के में नहीं ले रहे हैं। मुंबई ने अपने पिछले दो मैचों में मात्र दो गोल खाए हैं और इस दौरान 3-1 व 5-1 से जीत हासिल की हैं।
मेल्बर्न सिटी के पूर्व सहायक कोच कहते हैं, 'यह एक अच्छी शुरुआत है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है आप इस समय लीग में कहां पर हो। यह महत्वपूर्ण है कि आप कहां समाप्ति करते हो।हम हर मुकाबला जीतना पसंद करेंगे। लेकिन हम यह भी चाहते हैं कि मैचों में फुटबाल का रोमांच बना रहे। मैं टीम में किसी तरह का बदलाव नहीं चाहता हूं।'
दूसरी ओर, जमशेदपुर के इस सीजन में अब तक के प्रदर्शन पर नजर डालें तो यह टीम अब तक खेले चार मैचों में अपराजय बनी हुई है। स्कॉटिश कोच कोयेल की टीम, एटीके मोहन बगान के खिलाफ मैच में अजेय रही। जमशेदपुर पिछले साल की फाइनलिस्ट को किसी भी सूरत में लय हासिल नहीं करने देना चाहता है।
कोयेल ने कहा, "हमारे पास ऐसे खिलाड़ियों का समूह है, जिनकी गुणवत्ता उनके खेल में दिखाई देती है। ये लड़के क्लब के लिए, अपने लिए और फैन्स के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के लिए हमेशा ही बेताब रहते हैं और यही बात महत्वपूर्ण है।" जितेंद्र सिंह मोहन बगान के खिलाफ बेहतरीन रहे और इस मिडफील्डर ने कुशलता के साथ पार्क के बीच हालात को काबू में रखा।
अगले मैच के बारे में कोयेल कहते हैं कि मुंबई सिटी बहुत अच्छी टीम है और उन्हें सकारात्मक परिणाम हासिल करने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगाना होगा। जमशेदपुर के लिए यह तथ्य सुखद है कि पिछले हीरो आईएसएल 2020-21 सीजन में वो और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड, मुंबई के खिलाफ अपराजित रहे थे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications