IND vs NZ, 1st Test: बल्लेबाजी में फ्लॉप फिर भी विराट कोहली ने तोड़ा गांगुली-गेल का रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी वेलिंगटन में पहला टेस्ट मैच काफी रोमांचक होता जा रहा है। यह मैच कभी न्यूजीलैंड की टीम की ओर झुकता नजर आता है तो कभी भारतीय टीम इसे अपने पक्ष में घुमा लेती है। हालांकि तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर यही कहा जा सकता है कि फिलहाल न्यूजीलैंड की टीम का पलड़ा भारी है। तीसरे दिन का पहले सेशन में जहां इशांत शर्मा ने कीवी टीम के खिलाफ 5 विकेट पूरे करके भारत की वापसी कराई वहीं न्यूजीलैंड के लिये काइल जैमिसन और कॉलिन डि ग्रैंडहोम ने 72 रनों की साझेदारी करके भारत के ऊपर 183 रनों की बढ़त हासिल की।
और पढ़ें: IND vs NZ: 72 घंटो से सोये नहीं है इशांत शर्मा, फिर भी तोड़ी कीवी टीम की कमर, जानें क्या बोले
वहीं दूसरी पारी में एक बार फिर भारतीय टीम का ऑर्डर विफल रहा और दिन का खेल खत्म होने तक 144 रन के स्कोर पर 4 विकेट खो दिये। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली की बल्लेबाजी का फ्लॉप शो एक बार फिर जारी रहा। हालांकि बावजूद इसके विराट कोहली ने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और क्रिस गेल का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ कर इन दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
और पढ़ें: 1st Test: ऋषभ पंत होना नहीं आसान, अजिंक्य रहाणे ने निगला वापसी का मौका

विराट कोहली ने तोड़ा सौरव गांगुली का रिकॉर्ड
विराट कोहली ने भारतीय टीम की दूसरी पारी में महज 19 रन की पारी खेली लेकिन इस दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये। अपनी इस पारी के दौरान विराट कोहली ने सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और क्रिस गेल जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया।
इस मैच को मिलाकर विराट कोहली के 85 टेस्ट मैचों में 7223 रन हो गए हैं वहीं सौरव गांगुली ने 113 मैचों में 7212 रन बनाए हैं, जबकि वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने 103 टेस्ट मैचों में 7214 रन बनाए हैं।

दूसरी पारी में जारी रहा विराट कोहली का फ्लॉप शो
पहली पारी में महज 2 रन बनाने वाले कप्तान विराट कोहली की बल्लेबाजी का फ्लॉप शो दूसरी पारी में भी जारी रहा। दूसरी पारी में विराट कोहली ने 19 रन बनाये और ट्रेंट बोल्ट का शिकार बने। ट्रेंट बोल्ट ने विराट कोहली को वॉटलिंग के हाथों कैच कराकर भारतीय कप्तान को वापस पवेलियन भेजा। इस दौरान भारतीय कप्तान अच्छी लय मे दिखाई दे रहे थे लेकिन टीम को एक बार फिर मझधार में छोड़ वापस लौट गये।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम कीवी टीम की बढ़त से अभी भी 39 रन पीछे हैं। भारत की उम्मीदें चौथे दिन अब भारतीय टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (25) और हनुमा विहारी (15) पर टिकी हैं जो नाबाद बल्लेबाजी कर रहे हैं।

ट्रेंट बोल्ट ने वापस पा ली है खतरनाक फॉर्म
चोट से वापसी करने के बाद कीवी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने जबरदस्त वापसी की है और लगातार गेंद से अच्छा योगदान दे रहे हैं। पहली पारी में एक विकेट लेने वाले ट्रेंट बोल्ट ने दूसरी पारी में अब तक 3 विकेट हासिल कर लिये हैं। इतना ही नहीं बल्लेबाजी में भी बोल्ट ने कीवी टीम के लिये 38 रनों का योगदान दिया। बोल्ट ने 24 गेंद में 5 चौके 1 छक्के की मदद से 38 रन बनाये।

कुछ ऐसा रहा तीसरे दिन का खेल
बता दें कि इस मैच में भारत ने अपनी पहली पारी में 165 रन बनाए थे जबकि न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 216 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी में 348 रन बनाकर 183 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। दूसरी पारी में भी भारतीय बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और स्टंप्स तक अपने चार विकेट गंवा दिए।
पृथ्वी शॉ 14, चेतेश्वर पुजारा 11, मयंक अग्रवाल 58 और कप्तान विराट कोहली 19 रन बनाकर आउट हुए। स्टंप्स पर उपकप्तान अजिंक्य रहाणे 25 और हनुमा विहारी 15 रन बनाकर क्रीज पर थे।
इन दोनों बल्लेबाजों को चौथे दिन भारतीय पारी को संभालना होगा तभी भारत के पास कुछ उम्मीदें बन पाएंगी। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 27 रन पर तीन विकेट लेकर भारतीय पारी को झकझोर दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
