नई दिल्ली। मंगलवार को मौजूदा चैम्पियन एफसी बार्सिलोना ने स्पेनिश लीग (ला-लीगा) के छठे दौर के मैच में विल्लारियल को 2-1 से मात दी थी। इस मैच के दौरान पहले हाफ में खेलते हुए महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी के पांव में चोट लग गई और उन्हें दूसरे हाफ में मैदान से बाहर जाना पड़ा। मेसी मैच के शुरुआती-11 खिलाड़ियों में शामिल थे और यह ला-लीगा में उनकी 400वीं शुरुआत थी। लियोनेल मेसी 2019-20 सीजन की शुरुआत से पहले भी चोटिल हो गए थे और कुछ मैच होने के बाद टीम में लौटे। विल्लारियल के खिलाफ मैदान के बाहर जाने से पहले मेसी ने एक असिस्ट भी दिया था।
जिसके बाद स्पेनिश क्लब एफसी बार्सिलोना ने इस खबर की पुष्टि की है कि उनके स्टार फारवर्ड खिलाड़ी लियोनेल मेसी पांव की चोट के कारण अगले कुछ मैचों के लिए बाहर रहेंगे। हालांकि, अब तक यह नहीं बताया गया है कि वह कब तक पूरी तरह से ठीक हो पाएंगे।
और पढ़ें: मेसी छठी बार बने फीफा 'फुटबॉलर ऑफ द ईयर', रोनाल्डो को छोड़ा पीछे
क्लब ने एक बयान में कहा, 'फर्स्ट टीम खिलाड़ी लियो मेसी को बाए पांव में चोट लगी है। वह बाहर रहेंगे और मैदान पर उनकी वापसी उनके चोट ठीक होने पर निर्भर रहेगी।' मेसी मंगलवार को हुए मैच में पहले 45 मिनट ही खेले। उन्हें सोमवार को 'फीफा मेन्स प्लेयर ऑफ द इयर' का पुरस्कार दिया गया था।
बार्सिलोना के लिए मैच की शुरुआत दमदार रही। छठे मिनट में मेजबान टीम ने अटैक किया और मेसी के पास पर हेडर के जरिए गोल करते हुए ग्रीजमैन ने बार्सिलोना को बढ़त दिला दी। मैच के 15वें मिनट में 18 यार्ड बॉक्स के बाहर गेंद आर्थर मेलो को मिली। उन्होंने लंबी दूरी से बेहतरीन गोल करते हुए मेजबान टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।
पहला हाफ समाप्त होने से पहले विल्लारियल की टीम भी गोल के अंतर को कम करने में कामयाब रही। 44वें मिनट में दिग्गज सांती काजरेला ने गोल किया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को भी सफलता नहीं मिली।
और पढ़ें: 8 बार के ओलंपिक विजेता उसैन बोल्ट ने बताया, रोनाल्डो और मेसी में कौन सबसे ज्यादा महान
इस जीत के बाद बार्सिलोना की टीम 10 अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर विल्लारियल आठ आंकों के साथ आठवें पायदान पर खिसक गई है।