RR vs KKR: गेंदबाजों के दम पर जीती केकेआर, राजस्थान को 37 रनों से हराया
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग का 12वां मैच आज दुबई के मैदान पर खेला गया, जहां पर पहले दो मैचों में लगातार जीत हासिल कर कोलकाता के खिलाफ मैच खेलने पहुंची राजस्थान की टीम के लिये टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला भारी पड़ गया। केकेआर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 174 रन बनाये।
वहीं रनों का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम की शुरुआत खास नहीं रही और लगातार अंतराल पर विकेट खोते हुए राजस्थान की टीम 9 विकेट खोकर महज 137 रन ही बना सकी और मैच को 37 रनों से हार गई। राजस्थान की टीम को लीग में जहां पहली हार का सामना करना पड़ा है तो वहीं कोलकाता की टीम ने लगातार दूसरी जीत हासिल की है।
और पढ़ें: हाथरस गैंगरेप से सहमा खेल जगत, हरभजन-विराट-रैना समेत दिग्गज खिलाड़ियों ने दिखाया गुस्सा
केकेआर के लिये शुबमन गिल ने एक बार फिर सबसे ज्यादा 47 रनों की पारी खेली। बीच में आंद्रे रसेल (24), नितिश राणा (22) ने छोटी पारियां खेलकर पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन गेंदबाजो के दम पर राजस्थान की टीम ने वापसी की लेकिन इयोन मोर्गन (34) की नाबाद पारी की बदौलत कोलकाता की टीम बोर्ड पर 174 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम ने महज 15 रन पर स्टीव स्मिथ (3) का विकेट खो दिया, तो वहीं दो मैचों में लगातार हीरो बने संजू सैमसन आज 8 रन बनाकर शिवम मावी का शिकार हो गये। राहुल तेवतिया ने 14 और टॉम करन ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली लेकिन इनके अलावा कोई भी खिलाड़ी दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका।
और पढ़ें: DC vs SRH: हैदराबाद के यॉर्कर किंग नटराजन के मुरीद हुए सहवाग-ब्रेट ली, जानें क्या कहा
कोलकाता के लिये आज युवा गेंदबाज शिवम मावी, कमलेश नागरकोटी और वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी की और 2-2 विकेट हासिल किये। वहीं सुनील नरेन, कुलदीप यादव और पैट कमिंस ने भी 1-1 विकेट हासिल की और राजस्थान की टीम को संभलने का मौका नहीं दिया और लगातार दूसरे मैच में जीत हासिल की।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
