MI vs KKR: अबुधाबी में रोहित ने की रिकॉर्ड तोड़ वापसी, डिकॉक के अर्धशतक से मुंबई ने ठोंके 155 रन
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का दूसरा चरण यूएई में शुरू हो चुका है जिसका 34वां मैच अबुधाबी के मैदान पर खेला जा रहा है। मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गये इस मैच में रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान वापसी की और पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को अहम शुरुआत दिलाई। अबुधाबी के मैदान पर खेले गये इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके जवाब में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 155 रनों का स्कोर खड़ा किया।
मुंबई की टीम ने पहले 10 ओवर्स में सिर्फ एक विकेट खोकर 80 रन बना लिये थे जिसके बाद ऐसा लग रहा था कि 5 बार की चैम्पियन टीम 170-180 रन के स्कोर पर खत्म करेगी, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और मुंबई के 5 विकेट चटकाते हुए सिर्फ 75 रन ही दिये। कोलकाता के लिये प्रसिद्ध कृष्णा और लॉकी फर्ग्यूसन ने 2-2 विकेट हासिल किये तो वहीं पर सुनील नरेन ने एक विकेट चटकाया।
मुंबई इंडियंस के लिये चोट से वापसी कर रहे कप्तान रोहित शर्मा (33) और क्विंटन डिकॉक (55) ने जबरदस्त शुरुआत की और तेजी से रन बनाते हुए महज 9 ओवर में 75 रन के आंकड़े को पार कर लिया। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिये 78 रनों की साझेदारी की जिसे सुनील नरेन ने तोड़ने का काम किया। सुनील नरेन ने खतरनाक नजर आ रहे रोहित शर्मा का विकेट चटका कर अपनी टीम के कमबैक की कहानी लिखी।
रोहित शर्मा ने इस दौरान 30 गेंदों का सामना कर 4 चौकों की मदद से 33 रन की पारी खेली। हिटमैन भले ही अर्धशतक पूरा नहीं कर सके लेकिन इस दौरान उन्होंने केकेआर के खिलाफ 1000 रनों का और आईपीएल में 5500 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। वह एक ही टीम के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गये।
और पढ़ें: जानें कितनी तेज है आईपीएल 2021 में फेंकी गई सबसे फास्ट गेंदे, टॉप 10 में है इस गेंदबाज का दबदबा
रोहित शर्मा के आउट होने के बाद क्विंटन डिकॉक ने पारी को आगे बढ़ाने का काम जारी रखा और 42 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 55 रनों की पारी खेली। वहीं केकेआर के लिये प्रसिद्ध कृष्णा ने पहले सूर्यकुमार यादव (5) और फिर क्विंटन डिकॉक का विकेट लेकर मुंबई की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। वहीं लॉकी फर्ग्यूसन ने ईशान किशन (13) को वापस पवेलियन भेजा।
कायरन पोलार्ड ने 15 गेंदों में 21 रनों का योगदान जरूर दिया लेकिन इयोन मोर्गन और फर्ग्यूसन की जोड़ी ने उन्हें रन आउट कर वापस पवेलियन भेजा। क्रुणाल पांड्या भी 12 रन के स्कोर पर फर्ग्यूसन की गेंद का शिकार बने। मुंबई की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 155 रन ही बना सकी और जिस स्कोर की तक पहुंच सकती थी उससे करीब 25 रन पीछे रह गई।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications