IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ ऐसी होनी चाहिये प्लेइंग 11, गावस्कर ने दिये विराट सेना में बदलाव के सुझाव
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में भारतीय टीम को अपने पहले दो मैचों में हार का सामना करने के बाद सेमीफाइनल की रेस से बाहर होना लगभग तय हो गया है, हालांकि अपनी बची हुई उम्मीदों को जिंदा रखने के लिये उसे बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में जीत की दरकार है। भारत के लिये यह मैच पूरी तरह से करो या मरो की स्थिति वाला है, जिसमें हार का मतलब टूर्नामेंट से पूरी तरह से बाहर हो जाना है। ऐसे में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इस अहम मुकाबले को लेकर विराट सेना के बैटिंग और बॉलिंग खेमे में कुछ अहम बदलाव करने की सलाह दी है।
और पढ़ें: 'दो खेमों में बंट चुकी है भारतीय टीम', शोएब अख्तर ने बताया क्यों खराब प्रदर्शन कर रही है विराट सेना
गावस्कर का मानना है कि अफगानिस्तान के खिलाफ इस मैच में भारत को अपनी गेंदबाजी में 3 स्पिन बॉलर्स के साथ उतरना चाहिये और ऐसा करने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिये। गावस्कर का मानना है कि भारतीय टीम के लिये हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी करना शुरू कर दिया है तो ऐसे में वो 2 तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतर सकते हैं।
और पढ़ें: PAK vs NAM: नामिबिया को रौंद सेमीफाइनल में पहुंचा पाकिस्तान, बाबर-रिजवान ने लगाई रिकॉर्डों की झड़ी

शार्दुल या शमी को दे सकते हैं आराम
इंडिया टुडे से बात करते हुए जब गावस्कर से पूछा गया कि क्या अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग 11 में शामिल करना चाहिये या नहीं तो इसी पर जवाब देते हुए कहा कि अगर वो ऐसा करते हैं तो कोई खराब विकल्प नहीं होगा।
उन्होंने कहा,'मैच में 3 स्पिन गेंदबाजों के साथ उतरना खराब विकल्प नहीं होगा और आप शार्दुल ठाकुर या फिर मोहम्मद शमी में से किसी एक को आराम दे सकते हैं। अब हार्दिक आपके लिये गेंदबाजी में उपलब्ध हैं तो आप दो तेज और 3 स्पिन गेंदबाजों के टेम्पलेट के साथ उतर सकते हैं। ऐसा करते हैं तो आपके पास तेज गेंदबाजी के 3 विकल्प मौजूद रहेंगे।'

काबिलियत के चलते फर्क पैदा कर सकते हैं अश्विन
गावस्कर का मानना है कि भले ही अफगानिस्तान की बल्लेबाजी लाइन में बायें हाथ के बल्लेबाज नहीं हैं लेकिन अश्विन अपनी विकेट चटकाने की काबिलियत के चलते मैच में फर्क पैदा कर सकते हैं। वहीं चक्रवर्ती को लेकर उनका मानना है कि अफगानी बल्लेबाजों के पास राशिद खान और मुजीब जैसे दिग्गज गेंदबाज हैं जिसके चलते उनकी मिस्ट्री को खेलना उनके लिये आसान होगा।
उन्होंने कहा,'अफगानिस्तान की टीम के पास कई सारे मिस्ट्री स्पिनर हैं जो कि प्लेइंग 11 में खेल रहे हैं और कुछ बाहर भी बैठे हैं, मुजीब-राशिद जैसे गेंदबाजों के होते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि उनके पास मिस्ट्री स्पिनर्स की भरमार है। ऐसे में अफगानी बल्लेबाजों के लिये वरुण चक्रवर्ती को खेलना आसान होगा, ऐसे में आर अश्विन भारत के लिये बहुत सफल साबित हो सकते हैं। उनके लिये दायें और बायें हाथ का बल्लेबाज मायने नहीं रखता है, ऐसे में मैं उन्हें जरूर खिलाना चाहूंगा। अगर वो नहीं तो भारत को एक ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो पारी की गति को धीमा कर सके और राहुल चाहर को मौका दिया जा सकता है।'

भारत के लिये ओपन करें रोहित शर्मा, सूर्यकुमार की हो वापसी
बल्लेबाजी पर बात करते हुए सुनील गावस्कर का मानना है कि भारत को रोहित शर्मा को बतौर ओपनर ही खिलाना चाहिये और अगर सूर्यकुमार की पीठ का खिंचाव ठीक हो गया है तो ईशान किशन को आराम देकर उनकी टीम में वापसी करानी चाहिये। सूर्यकुमार पर बात करते हुए गावस्कर का मानना है कि अबुधाबी में उनके पास काफी अच्छी यादें हैं और टीम में वापसी कर वो काफी खुश होंगे।
उन्होंने कहा,'रोहित को टॉप ऑर्डर में वापसी करते हुए पारी का आगाज करना चाहिये, अगर सूर्यकुमार फिट नहीं हैं तो यह ईशान किशन को काफी मदद करेगा। मुझे लगता है कि ईशान किशन की बल्लेबाजी तब मदद करती है जब 5 या 6 ओवर का खेल बाकी हो लेकिन रोहित शर्मा के साथ ओपन करना जरूरी है, अगर वो आपके लिये 15 ओवर खेल जाते हैं तो टीम का स्कोर 180 से 200 पहुंचना तय हो जाता है। सूर्यकुमार अगर फिट हैं तो उन्हें वापसी करनी चाहिये, अबुधाबी में उनकी काफी शानदार यादें हैं और वो मध्यक्रम में मजबूती प्रदान करते हैं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
