IPL 2021 के फाइनल में पहुंची चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली को 4 विकेट से हराया, 9वीं बार खेलेगी खिताबी मुकाबला
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का पहला क्वालिफायर मैच दुबई के मैदान पर खेला गया जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने लगातार 3 मैचों में हार के बाद जीत की पटरी पर वापसी की और दिल्ली कैपिटल्स को हरा कर फाइनल में जगह बना ली है। सीएसके की टीम लीग स्टेज के आखिरी 3 मैचों में हार का सामना करने के बाद यहां पर पहुंची थी लेकिन क्वॉलिफायर में अपने अनुभव का दबदबा बनाते हुए इस सीजन छठी बार रनों का पीछा करते हुए जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही सीएसके की टीम ने आईपीएल में 9वीं बार फाइनल में जगह बना ली है, जिसमें से 3 बार वो पहले ही खिताब जीत चुकी है।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम को अब शारजाह के मैदान पर एलिमिनेटर (कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) के विजेता के साथ दूसरा क्वालिफायर खेलने जाना होगा। दुबई के मैदान पर खेले गये इस क्वालिफायर मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिये उतरना पड़ा, जहां पर उसने पृथ्वी शॉ (60), ऋषभ पंत (नाबाद 51) और शिमरोन हेटमायर (37) की पारियों के दम पर 172 रनों का स्कोर खड़ा किया।
और पढ़ें: DC vs CSK: हेटमायर का विकेट लेते ही ड्वेन ब्रावो ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बने

गायकवाड़-उथप्पा ने दिलाई दमदार शुरुआत
जवाब में दिल्ली कैपिटल्स के लिये एनरिच नॉर्खिया ने पहले ही ओवर में फाफ डुप्लेसिस का विकेट चटकाया लेकिन इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ (70) ने रॉबिन उथप्पा (63) के साथ अर्धशतकीय पारियों के दम पर दूसरे विकेट के लिये 110 रनों की साझेदारी कर मैच को दिल्ली के हाथों से दूर ले गये। रॉबिन उथप्पा ने 44 गेंदों का सामना कर 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 63 रनों की पारी खेली तो वहीं पर ऋतुराज गायकवाड़ ने 27 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।

टॉम कर्रन ने कराई दिल्ली की वापसी
दिल्ली कैपिटल्स के लिये यूएई लेग में पहली बार खेल रहे टॉम कर्रन ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर दिल्ली की टीम की वापसी करायी। टॉम कर्रन ने पहले रॉबिन उथप्पा को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया तो वहीं पर शार्दुल ठाकुर भी अय्यर के हाथों पकड़े गये। अगले ही ओवर में बल्लेबाजी करने अंबति रायडु भी श्रेयस अय्यर के कमाल के थ्रो का शिकार बन रन आउट होकर वापस लौटे।
इस वक्त लगा जैसे दिल्ली कैपिटल्स की टीम मैच में वापसी कर लेगी लेकिन मोइन अली और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को आगे बढ़ाने का काम जारी रखा और पांचवे विकेट के लिये 30 रनों की साझेदारी कर डाली। आवेश खान ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया और लेकिन इसके बावजूद 11 रन दे डाले।

ऐसा रहा आखिरी ओवर का रोमांच
आखिरी ओवर में सीएसके की टीम को जीत के लिये 6 गेंद में 13 रन की दरकार थी, जिसकी जिम्मेदारी टॉम कर्रन को दी गई। टॉम कर्रन ने पहली ही गेंद पर मोइन अली को कगिसो रबाडा को कैच कराया और फिर से मैच को रोमांचक बना दिया। लेकिन महेंद्र सिंह धोनी ने अगली 2 गेंदों पर दो चौके लगाकर मैच को वापस अपनी ओर मोड़ दिया। धोनी ने महज 6 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 18 रनों की पारी खेली और 4 विकेट से मैच जीतकर फाइनल में जगह बना ली।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications