'वो एक दिन संभालेगा भारतीय टीम की कमान', लॉन्स क्लूजनर ने बताया कौन से 2 खिलाड़ी बनेंगे विराट को रिप्लेसमेंट
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप के बाद वर्कलोड मैनेज करने के लिये इस प्रारूप से भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया गया है, जिसके बाद खेल जगत में इस बात पर काफी चर्चा हो रही है कि भारतीय टीम का कौन सा खिलाड़ी उन्हें रिप्लेस कर टीम की कमान संभालेगा। जहां कप्तानी के रूप में पहला नाम सभी के दिमाग में उपकप्तान रोहित शर्मा का ही आ रहा है, तो वहीं पर उम्र के लिहाज से भारत को उनके बाद के कप्तान पर भी नजर रखने की दरकार है।
और पढ़ें: NED vs IRE: 4 गेंदों में 4 विकेट झटक कर्टिस कैम्फर ने रचा इतिहास, ब्रेट ली के खास क्लब में हुए शामिल
उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा ने टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है फिर चाहे वो फ्रैंचाइजी क्रिकेट हो या फिर देश के लिये खेले गये अंतर्राष्ट्रीय मैच हों। 34 वर्षीय रोहित शर्मा फिलहाल कुछ समय के लिये टीम की कमान संभाल सकते हैं, हालांकि उन्हें कमान देना एक सोचा-समझा कदम भी हो सकता है जिसमें मैनेजमेंट उनके बाद के 10 सालों के लिये कप्तान तैयार करती नजर आये।

रोहित के बाद यह खिलाड़ी बन सकता है कप्तान
माना जा रहा है कि विराट कोहली 2023 विश्वकप तक वनडे और टेस्ट टीम की कप्तानी बरकरार रख सकते हैं, ऐसे में टीम मैनेजमेंट अगले दौर के खिलाड़ियों में कप्तान तैयार करने पर नजर रख सकते हैं। इस मुद्दे पर साउथ अफ्रीकी टीम के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी लॉन्स क्लूजनर ने भी अपनी राय दी है और उन दो खिलाड़ियों का नाम लिया जिन्हें वो एक दिन भारतीय टीम की कमान संभालते हुए देखते हैं।
क्लूजनर का मानना है कि समय आने पर ऋषभ पंत भारतीय टीम की कमान संभालते नजर आयेंगे, फिलहाल वो कच्चे घड़े की तरह और तुरंत जिम्मेदारी नहीं ले सकते हैं। यही वजह है कि बीसीसीआई रोहित शर्मा को अगला कप्तान बनायेगी और इस दौरान ऋषभ पंत को इस जिम्मेदारी के लिये तैयार करेगी। जब सही समय आयेगा तो पंत टीम की कमान संभालते नजर आयेंगे।

पंत में है कमान संभालने का दम
टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बात करते हुए क्लूजनर ने कहा,'मुझे ऋषभ पंत के अंदर एक कप्तान नजर आता है और मुझे पूरा विश्वास है कि वो एक दिन भारतीय टीम की कमान संभालेंगे। वह अभी युवा हैं, तो इस दौरान हम रोहित को कुछ समय तक कप्तानी करते देखें। मुझे लगता है कि खिलाड़ियों को खड़ा होकर टीम की कमान संभालने के लिये तैयार करने में विराट के बाद रोहित शर्मा यह भूमिका निभा सकते हैं। रोहित में धोनी की झलक नजर आती है जो कप्तानी को अच्छे से संभालते हुए अगले दौर के लिये लीडर तैयार कर सकते हैं।'

केएल राहुल भी कर सकते हैं कप्तानी
जहां एक ओर दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी कर के विश्वकप में आने वाले ऋषभ पंत कप्तानी के बड़े उम्मीदवार हैं तो वहीं पर क्लूजनर के हिसाब से केएल राहुल का नाम उन खिलाड़ियों में शुमार है जो कि भारत के अगले कप्तान बन सकते हैं। क्लूजनर का मानना है कि रोहित शर्मा मौजूदा समय में टीम की कमान संभालने के सही उम्मीदवार हैं लेकिन इस बीच भारत को एक युवा कप्तान को ढूंढने की भी दरकार है जो कि लंबे समय तक टीम की कमान संभाल सके।
उन्होंने कहा,'विराट काफी शानदार रहे हैं, उनका जुनून देखने लायक होता है, हालांकि यह उनका फैसला है कि वो आगे बढ़ें और किसी और को मौका दें। मैं उनकी जगह एक युवा कप्तान देखता हूं जो कि लंबे समय तक टीम की कमान संभाल सके। तो मुझे नहीं लगता कि वहां पर कोई रुकावट होगी। ऐसे में हम कुछ समय तक रोहित को यह भूमिका निभाते देखेंगे, जिसके बाद केएल राहुल या ऋषभ पंत में से किसी एक को कप्तानी दी जा सकती है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
