IND vs SA: क्या आखिरी बार भारतीय टीम के साथ नजर आयेंगे शिखर धवन, वनडे में भी जगह हुई मुश्किल
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के लिये साल 2021 कुछ खास नहीं रहा है, टेस्ट और टी20 प्रारूप से ड्रॉप किये जाने के बाद अब उनके वनडे करियर पर भी खतरा मंडरा रहा है। आईपीएल 2021 के पहले लेग में शानदार प्रदर्शन करने वाले शिखर धवन के लिये दूसरा लेग कुछ खास नहीं बीता, जिसकी वजह से उन्हें यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप की टीम में जगह नहीं दी गई। वहीं आईपीएल 2022 के लिये होने वाली नीलामी से पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस खिलाड़ी को रिटेन भी नहीं किया। इस बीच घरेलू स्तर पर खेली जा रही वनडे प्रारूप की विजय हजारा ट्रॉफी में भी उनका खराब प्रदर्शन जारी है जिसके बाद भारतीय टीम में उनकी जगह को बरकरार रखने को लेकर चयनकर्ता सोच में पड़ गये हैं।
और पढ़ें: Vijay Hazare Trophy: 8 चौके 10 छक्के लगा अय्यर ने ठोंका ताबड़तोड़ शतक, आखिरी ओवर में जीता मैच
जहां एक ओर शिखर धवन का खराब प्रदर्शन जारी है तो वहीं पर दूसरी ओर इस साल भारतीय टीम के लिये अपना अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू करने वाले युवा खिलाड़ी ऋतुराज गायकवाड़ और वेंकटेश अय्यर का शानदार प्रदर्शन जारी है। जहां ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल 2021 की अपनी फॉर्म को जारी रखते हुए पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में लगातार 4 अर्धशतकीय पारियां खेली तो वहीं पर अब विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार 3 शतक ठोंक चुके हैं। वहीं वेंकटेश अय्यर ने भी बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन जारी रखा है और निचले मध्यक्रम में आकर टीम के लिये रन बना रहे हैं।

तय है वेंकेटश अय्यर का साउथ अफ्रीका जाना
ऐसे में जब चयनकर्ता भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली वनडे सीरीज के लिये टीम का ऐलान करेंगे तो उनके मन में सबसे बड़ा सवाल शिखर धवन को लेकर ही आयेगा कि उन्हें जगह मिले या नहीं। जनवरी में खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिये जहां वेंकटेश अय्यर को जगह मिलना तय माना जा रहा है तो वहीं पर धवन को गायकवाड़ से कड़ी टक्कर मिल रही है। चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को वनडे टीम का नया कप्तान जरूर घोषित कर दिया है लेकिन सीरीज के लिये अभी भी टीम का ऐलान होना बाकी है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए बीसीसीआई के एक आधिकारिक सूत्र ने रविवार को कहा,'वेंकटेश का साउथ अफ्रीका दौरे पर जाना लगभग तय है। वह हर मैच में 9 से 10 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं और हार्दिक के फिटनेस पर काम करने की वजह से यह सही मौका होगा जब वेंकटेश अय्यर को ऐसे बड़े मैचों में जगह दी जाये। नये टीम मैनेजमेंट ने वेंकटेश अय्यर को मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने की सलाह देकर बहुत ही अच्छा काम किया है, ऐसे में अगर वो चोटिल नहीं होते हैं तो वनडे टीम के साथ उनका साउथ अफ्रीका जाना बिल्कुल पक्का है।'

धवन के लिये आखिरी मौका हो सकता है साउथ अफ्रीका का दौरा
केएल राहुल और रोहित शर्मा की मौजूदगी में किसी दूसरे बल्लेबाज को बतौर ओपनर भारतीय टीम में जगह बना पाना काफी मुश्किल काम है लेकिन इसके बावजूद वनडे प्रारूप में राहुल को अभी तक मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में ज्यादा इस्तेमाल किया गया है। ऐसे में अगर टीम मैनेजमेंट शिखर धवन को प्लेइंग 11 में खिलाने का फैसला करती है तो वो उनके खतरे में पड़े वनडे करियर के लिये आखिरी मौका हो सकता है। उल्लेखनीय है कि भले ही शिखर धवन को ऋतुराज गायकवाड़ से कड़ी टक्कर मिल रही है लेकिन नया टीम मैनेजमेंट सीनियर खिलाड़ियों को जिस तरह से मौका दे रहा है उसे देखते हुए धवन को भी साउथ अफ्रीका दौरे पर मौका दिया जा सकता है।
बीसीसीआई के आधिकारिक सूत्र ने आगे बात करते हुए कहा,'तकनीकी रूप से जब भारत ने आखिरी बार वनडे सीरीज खेली थी तो शिखर धवन ने टीम की कप्तानी करते हुए श्रीलंका के खिलाफ मैच जिताऊ पारियां खेली थी। उनके पास तब रन बनाने की काबिलियत है जब टीम मुश्किलों में घिरी हुई हो, तो ऐसे में जहां गायकवाड़ को टीम में मौका मिलना चाहिये वहीं पर चयनकर्ता शिखर धवन को एक आखिरी बार मौका दे सकते हैं। साउथ अफ्रीका दौरे पर जाने के बाद उन्हें एक या दो मैचों में खेलने का मौका मिल सकता है।'

गायकवाड़ से धवन को मिल रही कड़ी टक्कर
गौरतलब है कि मुंबई के लिये खेलने वाले ऋतुराज गायकवाड़ बतौर ओपनर खेलते हुए लगातार रन बना रहे हैं लेकिन मौजूदा समय में भारतीय टीम के पास इस नंबर पर बहुत सारे विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में अगर गायकवाड़ को टीम में मौका दिया जाता है तो वो बैकअप ओपनर का होगा, हालांकि इसके लिये भी चयनकर्ता शिखर धवन को शामिल करने पर पहले विचार करेंगे, लेकिन जिस तरह से गायकवाड़ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं उसे देखते हुए चयनकर्ताओं के लिये उन्हें इग्नोर कर पाना नामुमकिन होने वाला है। ऋतुराज गायकवाड़ ने इस साल श्रीलंका दौरे पर पहुंची भारतीय टीम के साथ टी20 प्रारूप में अपना डेब्यू करते हुए 2 मैच जरूर खेले हैं लेकिन वनडे प्रारूप में अभी तक मौका नहीं मिल सका है।
कीवी टीम के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा होने के बावजूद वह प्लेइंग 11 में जगह नहीं बना सके थे। लेकिन जिस तरह से विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने लगातार 3 शतक (136, नाबाद 154 और 124) ठोंके हैं, उसके बाद चयनकर्ताओं के लिये उन्हें इग्नोर कर पाना मुश्किल हो गया है। वहीं शिखर धवन का विजय हजारे ट्रॉफी में संघर्ष करना अब भी जारी है जिन्होंने 4 पारियों (0,12, 14, 18) में सिर्फ 46 रन ही बनाये हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
