ENG vs PAK: 10 साल बाद इंग्लैंड रच सकता है इतिहास, पाकिस्तान के पास बराबरी का मौका
नई दिल्ली। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच साउथैम्पटन में शुक्रवार से खेला जाना है। जहां इग्लैंड की टीम के पास 10 सालों बाद पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने का मौका है तो वहीं पाकिस्तान की टीम इस मैच में वापसी कर सीरीज को बराबर करने की कोशिश कर रही है। इंग्लैंड की टीम ने पिछले 10 सालों में लगभग हर टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती है, लेकिन पाकिस्तान का नाम इसमें शामिल नहीं है।
और पढ़ें: जब सुरेश रैना पर गुस्सा हुए थे एमएस धोनी, आरपी सिंह ने सुनाया पुराना किस्सा
इंग्लैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गये पहले टेस्ट मैच में जोस बटलर और क्रिस वोक्स की साहसिक पारियों से तीन विकेट से जीत दर्ज की थी जबकि दूसरा टेस्ट मैच बारिश के चलते ड्रॉ हो गया था। इससे पहले इंग्लैंड की टीम ने अपनी घरेलू सरजमीं पर खेली गई 13 सीरीज में जीत हासिल कर अजेय जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखा है।
और पढ़ें: धोनी के संन्यास पर बोले कामरान अकमल, बोले- काश पाकिस्तान के पास भी होते कप्तान

मैच में हो सकती है बारिश
उल्लेखनीय है कि साउथैम्पटन में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच बारिश के चलते धुल गया और केवल 134.3 ओवर का ही खेल हो सका। इसके चलते ईसीबी ने बारिश का व्यवधान पड़ने पर समय की भरपायी के लिये अगले दिनों के मैच आधे घंटे पहले यानि स्थानीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजे) शुरू करने का फैसला किया है। मौसम विभाग ने मैच के पांच दिनों में से तीन दिन बारिश की भविष्यवाणी की है।
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी टेस्ट श्रृंखला 2010 में 3-1 से जीती थी। इसके बाद पाकिस्तान ने उसे 2012 और 2015 में संयुक्त अरब अमीरात में क्रमश: 3-0 और 2-0 से पराजित किया था। पाकिस्तान 2016 के इंग्लैंड दौरे में श्रृंखला 2-2 से और 2018 में 1-1 से बराबर करने में सफल रहा था। वह फिर से इसी परिणाम की उम्मीद में मैदान पर उतरेगा जिसमें बारिश फिर से खलल डाल सकती है।

टॉस जीतकर फील्डिंग करना चाहेगी टीमें
पहले दिन बादल छाये रहने की संभावना है और ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला कर सकती है। इसलिए दोनों टीमें अपने तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूत रखना चाहेंगी। इंग्लैंड अगर इस मैच में जीत दर्ज करता है तो वह न सिर्फ 2010 के बाद पाकिस्तान के खिलाफ पहली टेस्ट श्रृंखला जीतेगा बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) टेस्ट चैंपियनशिप में भी आस्ट्रेलिया से आगे दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा।

न्यूजीलैंड को पछाड़ सकता है पाकिस्तान
इंग्लैंड के अभी 279 अंक हैं तथा वह भारत और ऑस्ट्रेलिया के बाद तीसरे स्थान पर है। पाकिस्तान के 153 अंक हैं और यह मैच जीतने पर वह न्यूजीलैंड से आगे चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा। इंग्लैंड को आलराउंडर बेन स्टोक्स की कमी खलेगी जो अपने पिता के खराब स्वास्थ्य के कारण पिछले मैच में भी नहीं खेल पाये थे। इंग्लैंड ने उनकी जगह जॉक क्राउली को रखा था जिन्होंने अर्धशतक जमाया था। स्टोक्स की अनुपस्थिति में इंग्लैंड वोक्स और सैम कुरेन को अंतिम एकादश में बनाये रख सकता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
